पावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां दीवाली की छुट्टियों के दौरान समुथिरम झील में नहाने गई सरकारी बालिका आश्रय गृह की चार मासूम बच्चियों और उनकी वार्डन की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है।
दीपावली की छुट्टी बनी काल: झील में नहाने उतरी थीं बच्चियां
तिरुवन्नामलाई के पास पेरुम्बक्कम स्थित सरकारी बालिका संरक्षण गृह में रहने वाली चार बच्चियां अपनी वार्डन थेनमोझी के साथ दीपावली की छुट्टियों का आनंद लेने के लिए समुथिरम झील पर पहुंची थीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग झील के पानी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान एक बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने की जद्दोजहद में एक-एक करके बाकी बच्चियां और वार्डन भी गहरे पानी की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते देखते यह पूरा दल गहरे पानी में समा गया, जिससे पांचों की जान चली गई। मृतकों की पहचान वार्डन थेनमोझी और बच्चियों विजयलक्ष्मी, अल्ली, भूमिका और वल्लियम्मल के रूप में हुई है।
प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू ऑपरेशन: झील से निकाले गए पांचों शव
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग (अग्निशमन एवं बचाव सेवा) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। बचाव कर्मियों ने युद्धस्तर पर झील में तलाश अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद पांचों के शवों को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भेज दिया है। इस भयानक हादसे ने परिवारों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। त्योहार के दिन इस तरह की अनहोनी से हर किसी की आंखें नम हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल और जांच शुरू
इस हृदयविदारक घटना के बाद सरकारी आश्रय गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर बहुत बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आखिर किसकी अनुमति से बच्चियों को झील के पास ले जाया गया था और बाहर ले जाते वक्त सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे। क्या वार्डन द्वारा किसी तरह की लापरवाही बरती गई थी, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। इसके साथ ही, झील के भीतर अचानक बढ़ने वाले गहरे पानी और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
इसी तरह का एक और दर्दनाक हादसा बीते दिनों उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में भी सामने आया था, जहां दुर्गा पूजा के समापन के दौरान मूर्ति विसर्जन करने गए पांच दोस्त तालाब में नहाने उतरे थे। गहरे पानी में डूबने की वजह से उस हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे पानी के पास जाने में बरती जाने वाली जरा सी लापरवाही के घातक परिणामों की याद दिलाते हैं।
Read More-पहली बार सामने आई अनंत सिंह की बेटी की तस्वीर, शादी के कार्ड ने इंटरनेट पर मचाई धूम!
