हरियाणा के पानीपत जिले के बबैल गांव स्थित प्रसिद्ध श्री बालाजी मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। रविवार रात चोर मंदिर में रखा दानपात्र तोड़कर उसमें जमा करीब एक साल की चढ़ावे की रकम लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि दानपात्र को महज 10 दिन बाद खोला जाना था। घटना के समय मंदिर के पुजारी ईश्वर भगत रात करीब 8 बजे पूजा-पाठ और ज्योत जलाने के बाद खाना खाने अपने घर गए थे। इसी दौरान चोरों ने मंदिर को निशाना बना लिया।
हलवे के पलटे से तोड़ा दानपात्र
चोरों ने मंदिर की रसोई में रखे लोहे के हलवा बनाने वाले पलटे यानी कड़छे का इस्तेमाल किया। इसी से दानपात्र के ताले और कुंडे को तोड़कर अंदर रखी नकदी निकाल ली गई। वारदात के बाद चोर उस लोहे के पलटे को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। मंदिर के पुजारी के मुताबिक दानपात्र में करीब एक साल से श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई रकम जमा थी। हर साल यहां से लगभग एक लाख रुपये का चढ़ावा निकलता है, जिसका इस्तेमाल मंदिर के रखरखाव और निर्माण कार्यों में किया जाता है।
2010 से ग्रामीणों की आस्था का केंद्र है मंदिर
श्री बालाजी मंदिर वर्ष 2010 से बबैल गांव में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं। पुजारी जब खाना खाने के बाद मंदिर लौटे तो दानपात्र टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर नाराजगी जताई।
CCTV फुटेज से चोरों की तलाश
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मंदिर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल चोरी की रकम की सटीक जानकारी दानपात्र खुलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Read more-दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षा में सेंध या बड़ी लापरवाही? सिस्टम को चकमा देकर ऐसे निकल गए 3 विदेशी
