दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को उस समय चर्चा में आ गया, जब प्रदर्शन कर रहे छात्रों को एक दारोगा कथित तौर पर धमकाते नजर आए। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी छात्रों से सख्त लहजे में बात करते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि इतनी फोर्स लगाई जाएगी कि उन्हें ‘ठंडा’ कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने छात्रों को गोरखपुर पुलिस की ताकत का हवाला देते हुए चेतावनी भी दी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के रवैये को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी मामले पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है।
अखिलेश यादव बोले- छात्र हैं, अपराधी नहीं
वायरल वीडियो को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पुलिस और प्रशासन से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ बातचीत में सौम्यता और धैर्य रखा जाना चाहिए। अखिलेश ने अपने पोस्ट में लिखा कि ये आंदोलनकारी छात्र हैं, कोई अपराधी नहीं। उनके बयान के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भी पुलिस पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गोरखपुर में पुलिस का रवैया माफियाओं जैसा दिखाई दे रहा है।
25 अगस्त से चल रहा छात्रों का प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्र अपनी विभिन्न मांगों और कथित अनियमितताओं को लेकर 25 अगस्त से प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बाद 5 सितंबर से छात्र नेता सतीश प्रजापति और उज्ज्वल सिंह ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। मंगलवार 8 सितंबर को दोपहर करीब ढाई बजे एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय छात्रों से बातचीत करने पहुंचे। बताया गया कि मांगों को लेकर बातचीत के दौरान छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और बहस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई।
एडिशनल प्रॉक्टर को छात्रों ने दौड़ाया, पुलिस ने संभाला मोर्चा
विवाद बढ़ने के दौरान कुछ छात्रों ने एडिशनल प्रॉक्टर को दौड़ा लिया। सामने आए वीडियो में डॉ. वेद प्रकाश राय छात्रों से बचते हुए प्रशासनिक भवन की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। बाद में पुलिस और विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर उनके कार्यालय तक पहुंचाया। इसी घटनाक्रम के दौरान दारोगा का कथित धमकी वाला वीडियो भी सामने आया। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों का आंदोलन जारी है। छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाया जाता, तब तक उनका प्रदर्शन और भूख हड़ताल जारी रहेगी।
Read more-बाबा बागेश्वर के बयान पर बंगाल में बवाल, TMC नेता बोले- ‘मांस तो मैं जरूर खाऊंगा’, जानें पूरा विवाद
