दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में स्थित प्रिंस होटल में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 25 वर्षीय युवती बुधवार शाम अपने प्रेमी के साथ होटल में पहुंची थी। दोनों ने होटल में कमरा लिया था। रात में किसी समय दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। पुलिस के मुताबिक, युवती के शरीर पर चाकू से वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद होटल में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रेमिका की हत्या के बाद प्रेमी ने खाया जहर
पुलिस की शुरुआती जांच में युवती की हत्या का शक उसके प्रेमी पर जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। होटल के कमरे से काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर स्टाफ को संदेह हुआ। इसके बाद कमरे की जांच की गई और पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो युवती मृत अवस्था में मिली, जबकि युवक कमरे में बेहोश पड़ा था। पुलिस ने तुरंत उसे इलाज के लिए LNJP अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कमरे से मिला चाकू, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
मामले की सूचना मिलने के बाद उत्तरी जिला पुलिस की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ होटल पहुंचे। घटनास्थल की जांच कर कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने उस चाकू को भी कब्जे में लिया है, जिससे युवती पर हमला किए जाने की आशंका है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके परिवार को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल जांच टीम होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सबूतों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरी घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
प्रेमी के होश में आने के बाद खुलेगा विवाद का राज
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर होटल के कमरे में ऐसा क्या हुआ कि मामला हत्या तक पहुंच गया। अधिकारियों के मुताबिक, युवक फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत में सुधार होने और बयान देने लायक होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी। इसके बाद ही दोनों के बीच हुए विवाद की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read More-अस्पताल जा रही थी 7वीं की छात्रा, रास्ते में कार ने रोका… फिर जो हुआ उसने सबको हिला दिया
