MP: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में राजस्व विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। सोहागपुर तहसील के हल्का नंबर 72 में तैनात पटवारी आशीष सोनकर के खिलाफ एक अनाथ युवती ने जिला कलेक्टर से शिकायत की है। युवती का आरोप है कि अपनी पुश्तैनी जमीन से जुड़े काम और जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए उसने पटवारी से संपर्क किया था। शिकायत के अनुसार, काम कराने के बदले उससे 20 हजार रुपये मांगे गए थे और युवती ने 15 हजार रुपये देने का दावा किया है। इस पूरे मामले से जुड़ी बातचीत और लेन-देन के स्क्रीनशॉट उसके पास होने की बात कही गई है।
WhatsApp चैट में होटल बुलाने का आरोप
मामले में सबसे गंभीर आरोप पटवारी पर आपत्तिजनक WhatsApp मैसेज भेजने का है। युवती के मुताबिक, पटवारी ने सरकारी काम कराने के नाम पर उससे निजी तौर पर मिलने की बात कही और कथित तौर पर होटल में बुलाने वाले मैसेज भी भेजे। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि पटवारी ने चैट में उसकी तारीफ करते हुए होटल में मिलने की बात कही। युवती ने इसे अपने पद का गलत इस्तेमाल और उस पर दबाव बनाने की कोशिश बताया है। उसका कहना है कि जब उसने शिकायत करने की बात कही तो उसके जमीन से जुड़े काम आगे नहीं बढ़ाए गए और जाति प्रमाण-पत्र भी नहीं बनाया गया। इसके अलावा पटवारी के सहयोगी रवि पर भी शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने और कथित तौर पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग
युवती ने जिला कलेक्टर को शिकायत देकर WhatsApp चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, 22 अगस्त को भी इस मामले को लेकर कलेक्टर के सामने जानकारी और सबूत रखे गए थे। अब युवती ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के साथ दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पटवारी आशीष सोनकर से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया। उन्होंने बाद में बात करने की बात कही और फोन काट दिया। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
Read more-मायावती ने खोले चुनावी पत्ते, यूपी समेत इन 3 राज्यों में अकेले उतरेगी बसपा; जानें क्या है पूरा प्लान
