PM Modi Boxer Narendra Berwal: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय बॉक्सर नरेंद्र ने अपने करियर से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री मोदी भी खूब हंसे। नरेंद्र ने बताया कि साल 2015 में एक मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी बॉक्सर ने उनसे ऐसी बात कही थी, जो आज भी उन्हें याद है।
2015 में पाकिस्तानी बॉक्सर से हुआ था मुकाबला
नरेंद्र ने प्रधानमंत्री को बताया कि 2015 में वह वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में हिस्सा लेने पहुंचे थे। वहां उनका शुरुआती मुकाबला पाकिस्तान के एक मुक्केबाज से हुआ। नरेंद्र के मुताबिक, मुकाबले से पहले उन्हें भारतीय सेना की ओर से साफ संदेश मिला था कि किसी भी हालत में पाकिस्तान के खिलाड़ी के खिलाफ हार नहीं माननी है। उन्होंने पहला मुकाबला 4-1 के अंतर से जीत लिया। इसके बाद दूसरे मुकाबले में दोनों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। नरेंद्र ने बताया कि वह दूसरा मुकाबला भी 3-2 से अपने नाम करने में सफल रहे। मुकाबले के दौरान दोनों खिलाड़ियों के सिर आपस में टकरा गए थे, जिसके कारण दोनों को चोट लगी और चेहरे पर कट भी आया।
आपका नाम नरेंद्र, आपके कोच का नाम नरेंद्र, और आपके PM का नाम नरेंद्र – पाकिस्तानी बॉक्सर ने कहा मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है।
CWG 2026 के सिल्वर मेडलिस्ट नरेंद्र बेरवाल की यह बात सुनकर PM मोदी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। पाकिस्तान में ‘नरेंद्र’ नाम का ऐसा खौफ है कि उनका… pic.twitter.com/xN6MKu0ESZ
— Rohan Gupta (@rohanrgupta) August 10, 2026
अस्पताल में पाकिस्तानी बॉक्सर ने कही थी मजेदार बात
नरेंद्र ने बताया कि चोट लगने के बाद दोनों खिलाड़ियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उस समय नरेंद्र के साथ भारतीय सेना के कोच नरेंद्र राणा भी मौजूद थे। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि उस समय वह खुद भी देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद शुरुआती दौर में थे। इसी बात को जोड़ते हुए पाकिस्तानी मुक्केबाज ने उनसे मजाकिया अंदाज में कहा कि उनका नाम नरेंद्र है, उनके कोच का नाम भी नरेंद्र है और भारत के प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है। इसके बाद उसने कहा कि उसे अब ‘नरेंद्र’ नाम से ही नफरत होने लगी है। यह किस्सा सुनाते समय नरेंद्र खुद भी मुस्कुराए और उनकी बात सुनकर प्रधानमंत्री मोदी जोर से हंस पड़े। बातचीत का यह हिस्सा खिलाड़ियों के साथ हुई मुलाकात के दौरान काफी दिलचस्प रहा।
कॉमनवेल्थ गेम्स में नरेंद्र ने जीता सिल्वर
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नरेंद्र ने 90 प्लस किलोग्राम वर्ग में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता। वह फाइनल में गोल्ड मेडल से चूक गए। खिताबी मुकाबले में उनका सामना इंग्लैंड के डामार थॉमस से हुआ, जहां नरेंद्र को 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उनका प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने भारत की पदक संख्या बढ़ाने में अहम योगदान दिया। इस बार भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन भी खास रहा। पुरुष और महिला बॉक्सिंग टीम ने मिलकर कुल 10 मेडल भारत के नाम किए। प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान उनके प्रदर्शन की सराहना की और उनके अनुभव भी सुने।
Read More-झारखंड छात्र आंदोलन में अब किसकी एंट्री? अभिजीत दीपके ने पोस्ट शेयर कर दिया बड़ा संदेश
