जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद प्रिया सरोज एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि धान के खेत में किया गया उनका काम है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में प्रिया सरोज किसानों के साथ धान की रोपाई करती दिखाई दे रही हैं। साड़ी पहने सांसद खेत में उतरती हैं और किसानों के साथ धान की बेहन लगाती नजर आती हैं। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। किसी ने इस पल को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया। कई लोग इसे जनप्रतिनिधि और जनता के बीच बेहतर जुड़ाव का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।
किसानों के बीच पहुंचकर जाना खेती का हाल
हाल ही में जौनपुर और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हुई है, जिसके बाद किसान धान की रोपाई में जुट गए हैं। इसी दौरान सांसद प्रिया सरोज अपने क्षेत्र के दौरे पर थीं। बताया जा रहा है कि गांव में किसानों को खेत में काम करते देखकर वह खुद को रोक नहीं सकीं और सीधे खेत में पहुंच गईं। वहां उन्होंने किसानों से बातचीत की और खेती से जुड़ी परेशानियों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने खुद भी धान की रोपाई में हाथ बंटाया। खेत में सांसद को अपने बीच काम करते देखकर किसान काफी खुश नजर आए। कई किसानों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का इस तरह आम लोगों के बीच आना और उनकी मेहनत को समझना एक अच्छी पहल है।
रिंकू सिंह की मंगेतर होने के कारण भी रहती हैं चर्चा में
प्रिया सरोज देश की युवा सांसदों में गिनी जाती हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। हाल के महीनों में उनकी पहचान सिर्फ सांसद के रूप में ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर के रूप में भी बढ़ी है। यही वजह है कि उनकी हर गतिविधि लोगों का ध्यान खींच लेती है। खेत में धान की रोपाई करते हुए उनका वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने बड़ी संख्या में इसे साझा किया। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी सादगी की तारीफ की, तो कुछ ने इसे किसानों के साथ जुड़ने की कोशिश बताया। हालांकि यह वीडियो राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
खिलाड़ी के घर से लौटते समय खेत में पहुंचीं सांसद
जानकारी के अनुसार प्रिया सरोज मछलीशहर के रहने वाले भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव के घर उनके परिवार से मिलने गई थीं। वहां उन्होंने खिलाड़ी की उपलब्धियों पर बधाई भी दी। लौटते समय रास्ते में उन्होंने खेतों में किसानों को धान की रोपाई करते देखा। इसके बाद वह किसानों के बीच पहुंच गईं और कुछ समय उनके साथ बिताया। इस दौरान उन्होंने खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की और किसानों की मेहनत को करीब से समझने का प्रयास किया। खेत में काम करते हुए उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है। क्षेत्र में भी इस घटना की खूब चर्चा हो रही है और लोग इसे जनता से जुड़े रहने की उनकी शैली के रूप में देख रहे हैं।
Read more-शरद पवार NDA में जाएंगे या नहीं? रोहित पवार के बयान से सियासी चर्चा तेज
