जयपुर के चर्चित अमायरा स्कूल डेथ केस में एक साल बाद एक ऐसा मोड़ आया है, जिसने इस पूरे मामले को दोबारा गरमा दिया है। नवंबर 2025 में जयपुर के नामी नीरजा मोदी स्कूल की चौथी मंजिल से गिरकर जान गंवाने वाली 9 साल की मासूम अमायरा के माता-पिता ने एक नया और चौंकाने वाला क्लासरूम CCTV वीडियो सार्वजनिक किया है। परिवार का दावा है कि यह वीडियो अमायरा की जिंदगी के आखिरी पलों का है, जो यह साफ-साफ बयां करता है कि उस खौफनाक कदम को उठाने से ठीक पहले कक्षा के भीतर ऐसा क्या हुआ था जिसने एक हंसती-खेलती बच्ची को मौत के मुंह में धकेल दिया।
डिजिटल स्लेट का वो रहस्यमयी वाकया और अमायरा का बदलता व्यवहार
माता-पिता द्वारा जारी किए गए इस नए CCTV फुटेज में क्लासरूम के अंदर की परत-दर-परत गतिविधियां सामने आई हैं, जिस पर परिवार ने अपना वॉयसओवर जोड़कर पूरी स्थिति को समझाया है। वीडियो की शुरुआत में चौथी कक्षा की छात्रा अमायरा बेहद सामान्य तरीके से क्लास में आती है और अपनी सहेली से हाथ मिलाकर मुस्कुराती है। लेकिन, कुछ ही देर बाद क्लास का माहौल बदल जाता है। कुछ बच्चे हाथ में एक ‘डिजिटल स्लेट’ लेकर आते हैं और बार-बार उसे अमायरा को दिखाते हैं। परिवार का आरोप है कि उस स्लेट को देखने के बाद अमायरा अचानक असहज, डरी हुई और बुरी तरह शर्मिंदा नजर आने लगती है, जिससे साफ है कि उस स्लेट पर कुछ ऐसा था जो एक 9 साल की बच्ची बर्दाश्त नहीं कर पाई।
हाथ जोड़ती रही मासूम, पर टीचर और सहपाठियों का दिल नहीं पघला
वीडियो का सबसे भावुक और परेशान करने वाला हिस्सा वह है जहां अमायरा मदद के लिए तड़पती दिख रही है। फुटेज में वह कई बार अपनी क्लास टीचर के पास जाती है और रोते हुए, हाथ जोड़कर अपनी बात समझाने की कोशिश करती है। वह अपना सिर और मुंह पकड़कर गहरी मानसिक प्रताड़ना में दिखाई देती है। परिवार का आरोप है कि शिक्षिका ने अमायरा को अकेले में सुनकर उसकी मदद करने के बजाय बेहद सख्त और डरावना रवैया अपनाया। वहीं दूसरी ओर, बाकी छात्र लगातार टीचर के कान भरते रहे और अमायरा की बात को अनसुना कर दिया गया। इसी उपेक्षा और बुलिंग से टूटकर आखिरकार 1 नवंबर 2025 को मासूम ने करीब 48 फीट ऊंची चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
इंसाफ की आस में भटकता परिवार और स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में इसे केवल एक आत्महत्या का मामला मानकर जांच शुरू की थी, लेकिन अमायरा के माता-पिता पहले दिन से ही स्कूल में हो रही लगातार बुलिंग (मानसिक प्रताड़ना) को इसकी वजह बता रहे हैं। उनका कहना है कि अमायरा ने कई बार स्कूल प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी, जिसे नजरअंदाज किया गया। अब इस नए सीसीटीवी वीडियो के सामने आने के बाद स्कूल की भूमिका और टीचर्स की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि यह वीडियो उनकी बेटी के साथ हुई ज्यादती का सबसे बड़ा सबूत है और वे अब अपनी बेटी को इंसाफ दिलाकर ही दम लेंगे।
Read more-पुलिस चौकी में युवक को थप्पड़ मारना बीजेपी नेत्री को पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद दर्ज हुई FIR
