उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव कस्बे में सोमवार तड़के एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय किशोर पर अपने बड़े भाई अमित गुप्ता, भाभी रंजना गुप्ता और तीन साल के भतीजे रेयांश की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। घटना देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय तीनों एक कमरे में सो रहे थे। शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने सोते समय उन पर हमला किया, जिससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मासूम बेटी ने बताई पूरी घटना
घटना के समय कमरे में मौजूद सात वर्षीय बच्ची रूबिका इस वारदात की चश्मदीद बताई जा रही है। परिवार के लोगों के अनुसार, बच्ची ने दादी को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बच्ची ने पुलिस को बताया कि देर रात उसका चाचा कमरे में आया और उसके माता-पिता तथा छोटे भाई पर हमला कर दिया। उसने अपने चाचा को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद डरी-सहमी बच्ची कमरे से बाहर निकली और दादी को जगाकर पूरी घटना बताई। पुलिस ने बच्ची का बयान दर्ज कर लिया है और उसकी मौजूदगी में हुई घटनाओं को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
पांच लाख रुपये के विवाद की बात आई सामने
मृतक अमित गुप्ता के पिता हरिलाल गुप्ता ने आरोप लगाया है कि परिवार में लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि आरोपी बेटा उनसे पांच लाख रुपये मांग रहा था। कुछ समय पहले उसने घर में झगड़ा भी किया था, जिसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई थी। परिवार का आरोप है कि उस समय समझाइश देकर मामला शांत करा दिया गया था। अमित गुप्ता पहले विदेश में काम कर चुके थे और वापस लौटने के बाद कस्बे में किराना दुकान चलाते थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या पैसों का विवाद ही इस वारदात की मुख्य वजह था या इसके पीछे कोई और कारण भी है।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को भी बरामद कर लिया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उससे किशोर न्याय कानून के तहत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
