UP News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में चर्चित साधु हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल की रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था। बांगरमऊ थाना पुलिस और एसओजी टीम इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के पास ताजपुर अंडरपास के नजदीक देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की।
पुलिस का दावा- आत्मसमर्पण के बजाय की फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा था, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान एसओजी के एक आरक्षी के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए, जबकि एक उप निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। घायल पुलिसकर्मी का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद करने का दावा किया है।
मंदिर निर्माण को लेकर चल रहा था विवाद
यह पूरा मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टोला इलाके का है। यहां रहने वाले साधु मिलनदास अपनी जमीन पर मंदिर का निर्माण करवा रहे थे। पुलिस जांच के मुताबिक, मंदिर में होने वाले भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक गतिविधियों को लेकर कुछ स्थानीय लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा था।
आरोप है कि इसी विवाद के चलते 9 जून को साधु को बातचीत के बहाने बुलाया गया और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस ने कई टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
तीन आरोपी पहले गिरफ्तार, अब मुख्य आरोपी भी मारा गया
साधु हत्याकांड में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है। हालांकि, मुख्य आरोपी इसराइल वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही थी।
मुख्य आरोपी की मुठभेड़ में मौत के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
Read More-टेलीग्राम पर बिक रहा था ‘NEET का असली पेपर’! जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
