शिपिंग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने जानकारी दी कि भारतीय झंडे वाले दो एलपीजी टैंकर, ग्रीन सान्वी और ग्रीन आशा, होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी फारसी खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी 16 भारतीय जहाजों पर 433 भारतीय नाविक पूरी तरह से सुरक्षित हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि विदेशी मिशनों और समुद्री परिचालन से जुड़े सभी पक्षों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की आपूर्ति में रुकावट न आए। पिछले 24 घंटों में इन जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है, जो यह दर्शाता है कि समुद्री मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित है।
देश में खाद्य स्टॉक पर्याप्त, आपूर्ति पर कोई खतरा नहीं
उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के खाद्य विभाग में संयुक्त सचिव सी. शिखा ने बताया कि देश में गेहूं और चावल का भंडार पर्याप्त है। गेहूं का स्टॉक लगभग 222 लाख मीट्रिक टन और चावल का 380 लाख मीट्रिक टन उपलब्ध है, जो कि बफर स्टॉक के तय मानकों से तीन गुना अधिक है। इसके अलावा, भारत ने प्रमुख साझेदार देशों से निरंतर आयात भी सुनिश्चित किया है, जिनमें इंडोनेशिया, मलेशिया, रूस, यूक्रेन, अर्जेंटीना और ब्राजील शामिल हैं। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू सरसों उत्पादन में वृद्धि ने खाद्य आपूर्ति को और मजबूत किया है।
एलपीजी आपूर्ति सामान्य, देशभर में पहुंचाई जा रही है गैस
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि युद्ध और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश में एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। पिछले 35 दिनों में लगभग 18 करोड़ घरों में एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं। इसी दौरान 42 लाख 19- किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर भी देशभर में सप्लाई किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एलपीजी की आपूर्ति को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कार्गो की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से आम लोगों को बचाया जा सके।
ब्लैक मार्केट पर कड़ी निगरानी
सरकार ने खाद्य और ईंधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की है। पिछले चार-पांच सप्ताह में खाद्य और एलपीजी बाजारों में निरीक्षण के तहत लगभग एक लाख छापे किए गए। ब्लैक मार्केटिंग के मामलों में 850 एफआईआर दर्ज की गईं और 220 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सरकार ने यह साफ किया कि देश में पेट्रोल-डीजल, एलपीजी, अनाज और खाद्य सामग्री की कोई कमी नहीं है। सभी स्टॉक और सप्लाई की स्थिति सामान्य है, और जरूरत पड़ने पर तुरंत हस्तक्षेप करने के लिए मंत्रालय तैयार है।
Read More-खालिस्तानी प्रदर्शन ने हिंदू मंदिरों के बाहर किया प्रदर्शन, 30 हिंदू संगठनों का पुलिस के नाम खुला खत
