बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-185 में शनिवार रात एक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने सभी यात्रियों की सांसें थाम दीं। विमान जब वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए महज 500 फीट की ऊंचाई पर था, तभी एक यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट गेट के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। इस अचानक हरकत से फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और केबिन क्रू की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
उड़ान के 15 मिनट बाद ही दिखा अजीब व्यवहार
जानकारी के मुताबिक, मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र का रहने वाला मोहम्मद अदनान इस फ्लाइट में सवार था। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद ही उसने पहली बार इमरजेंसी गेट के साथ छेड़छाड़ की थी। उस समय केबिन क्रू ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उसे समझाया और स्थिति को संभाल लिया। इसके बाद वह अपनी सीट पर शांत बैठ गया, जिससे लगा कि मामला वहीं खत्म हो गया है।
लैंडिंग अनाउंसमेंट के बाद फिर बढ़ी हलचल
लेकिन असली खतरा तब पैदा हुआ जब विमान वाराणसी में लैंडिंग के करीब था। जैसे ही केबिन क्रू ने लैंडिंग की घोषणा की, अदनान ने एक बार फिर इमरजेंसी एग्जिट का बटन दबाने की कोशिश की। यह घटना रात करीब 10:20 बजे की बताई जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्रू ने तुरंत पायलट को सूचना दी। पायलट ने बिना देर किए विमान को दोबारा हवा में ले जाकर सुरक्षित दूरी बनाई, जिससे संभावित हादसा टल गया।
दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग, आरोपी गिरफ्तार
करीब 15 मिनट बाद, यानी रात 10:35 बजे पायलट ने दोबारा कोशिश कर विमान को सुरक्षित रूप से वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारा। लैंडिंग के बाद सुरक्षाकर्मियों और सीआईएसएफ ने तुरंत आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली, लेकिन यह मामला विमान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।
Read more-‘अखिलेश यादव पर से उठ रहा मुस्लिम भरोसा?’ AIMIM नेता का बड़ा दावा, बाबरी मस्जिद का किया जिक्र
