जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता Farooq Abdullah एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। बुधवार शाम जम्मू के एक शादी समारोह में उन पर फायरिंग की कोशिश की गई। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया और किसी तरह की बड़ी घटना होने से पहले ही हालात काबू में कर लिए गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
20 साल से बना रहा था हत्या की योजना
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमल सिंह के रूप में हुई है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला दावा किया है। उसने कहा कि वह पिछले करीब 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाने की योजना बना रहा था और सही मौके का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बंदूक भी बरामद कर ली है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
शादी में शामिल होने पहुंचे थे कई बड़े नेता
जानकारी के मुताबिक यह घटना जम्मू के गंग्याल थाना क्षेत्र के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क बैंक्विट हॉल में हुई। यहां नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और वरिष्ठ वकील दिनेश सिंह चौहान की बेटी की शादी का समारोह चल रहा था। इस कार्यक्रम में फारूक अब्दुल्ला के अलावा जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री Surinder Choudhary, कैबिनेट मंत्री Satish Sharma और मुख्यमंत्री Omar Abdullah के राजनीतिक सलाहकार नासिर असलम भी मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक बंदूक तानकर हमला करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते वह अपने इरादे में सफल नहीं हो सका।
जांच में जुटी पुलिस, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हथियार भी जब्त कर लिया। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है कि आरोपी ने हथियार कैसे हासिल किया और समारोह तक कैसे पहुंचा। इस घटना के बाद वीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयान और उसके पिछले रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ताकि हमले के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
Read more-भारत पहुंचने से पहले समंदर में कार्गो शिप पर हमला, जहाज में लगी भीषण आग, 20 क्रू मेंबर थे मौजूद
