साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता धनुष बुधवार सुबह अचानक तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर पहुंचे। जैसे ही धनुष की मौजूदगी की खबर फैली, मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। धनुष के साथ उनके दोनों बेटे यात्रा और लिंगा भी नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि धनुष बेहद सादगी के साथ भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सिल्क धोती और अंगवस्त्रम पहन रखा था, जबकि उनके बेटे भी पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई दिए। फैंस के लिए यह पल बेहद खास बन गया, क्योंकि एक बड़े स्टार को अपने परिवार के साथ धार्मिक स्थल पर इस तरह देखना कम ही देखने को मिलता है।
भीड़ से पिता को बचाते दिखे यात्रा और लिंगा, वीडियो हुआ वायरल
दर्शन के बाद जब धनुष मंदिर से बाहर निकले, तो फैंस ने उन्हें घेर लिया। हर कोई उनके साथ फोटो लेना और वीडियो बनाना चाहता था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक खास नज़ारा देखने को मिला। धनुष के दोनों बेटे यात्रा और लिंगा अपने पिता के लिए ढाल बनकर खड़े नजर आए। वीडियो में दिखता है कि धनुष आगे चल रहे हैं, जबकि उनके बेटे चारों तरफ से उन्हें कवर करते हुए भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। फैंस इस नज़ारे को देखकर भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर इसे “परफेक्ट फैमिली मोमेंट” बता रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि स्टार भले ही धनुष हों, लेकिन इस वीडियो में असली हीरो उनके बेटे नजर आए।
पर्सनल लाइफ में उतार-चढ़ाव
धनुष की निजी जिंदगी हमेशा चर्चा में रही है। उन्होंने सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत से शादी की थी। इस शादी से उन्हें दो बेटे, यात्रा और लिंगा हुए। हालांकि, साल 2022 में शादी के करीब 18 साल बाद धनुष और ऐश्वर्या ने अलग होने का फैसला लिया। दोनों ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त बयान जारी कर सेपरेशन की घोषणा की थी। उस बयान में उन्होंने लिखा था कि दोस्त, कपल और पेरेंट्स के तौर पर उन्होंने 18 साल का सफर साथ तय किया, लेकिन अब वे अलग रास्तों पर आगे बढ़ रहे हैं। तलाक के बाद भी दोनों अपने बच्चों की परवरिश मिलकर कर रहे हैं। तिरुपति मंदिर का यह वीडियो इसी मजबूत बॉन्ड की झलक दिखाता है, जहां पिता और बेटों का रिश्ता साफ नजर आता है।
अफेयर की चर्चाओं से लेकर फिल्मों तक, क्यों चर्चा में रहते हैं धनुष
इन दिनों धनुष का नाम अभिनेत्री मृणाल ठाकुर के साथ भी जोड़ा जा रहा है। सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में दोनों के अफेयर और शादी की खबरें चर्चा में हैं, हालांकि अब तक किसी भी कलाकार ने इन खबरों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। वर्क फ्रंट की बात करें तो धनुष को आखिरी बार आनंद एल राय की रोमांटिक फिल्म तेरे इश्क में में देखा गया था, जिसमें कृति सेनन उनके अपोजिट थीं। फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन इसने वर्ल्डवाइड करीब 161 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। अब धनुष जल्द ही विग्नेश राजा की एक्शन थ्रिलर फिल्म कारा में नजर आने वाले हैं, जो गर्मियों में रिलीज होगी। रिलीज डेट अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन फैंस को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।
Read more-अजित दादा चले गए… फूट- फूटकर रोती दिखी सुप्रिया सुले, वायरल हुआ भावुक वीडियो
