प्रधानमंत्री आवास योजना: उत्तर प्रदेश के एक जिले से हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत जिले के 2,216 लाभार्थियों को बहुत जल्द अपने पक्के घर के लिए पहली किस्त मिलने जा रही है. यह धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे किसी भी तरह की बिचौलिया व्यवस्था खत्म हो सके. जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब, कमजोर और बेघर परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है. अधिकारियों के मुताबिक योजना की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जिन लाभार्थियों का सत्यापन पूरा हो चुका है, उन्हें जल्द ही किस्त की रकम मिल जाएगी. इस खबर के बाद जिले के हजारों परिवारों में उम्मीद और खुशी का माहौल है, जो वर्षों से पक्के घर का सपना देख रहे थे.
अकबरपुर से टांडा तक हजारों आवेदन, 2510 का DPR हुआ स्वीकृत
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जिले के अकबरपुर, जलालपुर और टांडा नगर पालिका क्षेत्रों के साथ-साथ किछौछा, इल्तिफातगंज, जहांगीरगंज और राजेसुल्तानपुर नगर पंचायतों से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे. एक जनवरी 2025 से 30 नवंबर 2025 के बीच कुल करीब 27,800 नागरिकों ने योजना के तहत पक्के मकान के लिए आवेदन किया, जिनमें से लगभग 18,200 आवेदन प्रारंभिक मानकों पर सही पाए गए. इसके बाद तहसील प्रशासन और डूडा की संयुक्त टीम ने जरूरतमंदों का भौतिक सत्यापन कराया. सत्यापन के बाद 2,510 लाभार्थियों का डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर निदेशालय, लखनऊ भेजा गया, जिसे स्वीकृति मिल गई है. स्वीकृति के बाद अब किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे लाभार्थियों को बिना किसी देरी के निर्माण कार्य शुरू करने में मदद मिल सके.
2216 के खाते में जल्द पहुंचेगी रकम
डूडा के परियोजना अधिकारी संजय मिश्रा ने जानकारी दी कि रविवार और सोमवार को जिले के 294 लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की पहली किस्त भेज दी गई है. शेष 2,216 लाभार्थियों के खातों में भी बहुत जल्द धनराशि ट्रांसफर की जाएगी. उन्होंने बताया कि सभी भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किए जा रहे हैं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे. इसके साथ ही नए आवेदनों का सत्यापन कार्य भी लगातार जारी है. अधिकारियों ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे प्राप्त धनराशि का उपयोग केवल आवास निर्माण में ही करें और निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न करें. योजना का उद्देश्य सिर्फ घर देना नहीं, बल्कि ऐसा पक्का और सुरक्षित घर देना है, जो आने वाले वर्षों तक परिवार को सुरक्षित रख सके.
समय पर घर बनाने पर मिलेगा 10 हजार का अतिरिक्त प्रोत्साहन
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लाभार्थियों को तीन किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाती है. खास बात यह है कि जिन लाभार्थियों को पहली, दूसरी और तीसरी किस्त मिलने के बाद 12 महीने के भीतर अपना आवास निर्माण पूरा कर लिया जाता है, उन्हें सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है. यह राशि उन परिवारों को समय पर निर्माण पूरा करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से दी जाती है. डूडा अधिकारियों का कहना है कि यह योजना शहरी गरीबों के जीवन स्तर में बदलाव ला रही है. जिन परिवारों के पास पहले सिर छुपाने के लिए स्थायी छत नहीं थी, अब वे अपने पक्के घर में सुरक्षित जीवन जी सकेंगे. जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से न सिर्फ लोगों को आवास मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि बाकी लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त कब तक पहुंचती है और कितनी तेजी से उनके घरों का निर्माण शुरू होता है.
Read More-रेलवे में 22 हजार से अधिक पदों पर नौकरी का बम्पर मौका, 10वीं पास और ITI वाले याद रखें ये डेट
