Homeदेशअंधेरे में पाकिस्तान की नापाक चाल! सीमा पार से आए ड्रोन, फायरिंग...

अंधेरे में पाकिस्तान की नापाक चाल! सीमा पार से आए ड्रोन, फायरिंग से गूंज उठी LoC, क्या है बड़ा प्लान?

जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ में पाकिस्तान की ओर से संदिग्ध ड्रोन घुसपैठ सामने आई है। पहले बरामद हथियारों के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

-

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से संदिग्ध गतिविधि ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार शाम सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (LoC) से सटे इलाकों में कई ड्रोन देखे गए। प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, ये ड्रोन पाकिस्तान की दिशा से भारतीय सीमा में दाखिल हुए, कुछ देर तक हवा में मंडराते रहे और फिर वापस लौट गए। ड्रोन की मौजूदगी सामने आते ही सेना, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। इसके बाद सीमावर्ती इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया, ताकि किसी भी तरह की घुसपैठ या संदिग्ध सामग्री गिराए जाने की आशंका को समय रहते रोका जा सके।

नौशेरा में फायरिंग, राजौरी के कई इलाकों में ड्रोन मूवमेंट

राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में ड्रोन गतिविधि सबसे पहले शाम करीब 6:35 बजे देखी गई। LoC के पास स्थित गनिया-कलसियां गांव के ऊपर जैसे ही ड्रोन नजर आया, सेना के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जवानों ने मशीनगनों से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान राजौरी के तेरयाथ क्षेत्र के खब्बर गांव में भी एक अन्य ड्रोन को देखा गया, जो कलाकोट के धरमसाल गांव की दिशा से आया था। इस ड्रोन में ब्लिंकिंग लाइट लगी हुई थी, जिससे रात के अंधेरे में उसकी पहचान आसान हो गई। ड्रोन कुछ दूरी तक उड़ान भरता रहा और फिर भरख की ओर बढ़ गया।

सांबा और पुंछ में भी दिखे ड्रोन, कई मिनट तक मंडराता रहा डिवाइस

सिर्फ राजौरी ही नहीं, बल्कि सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में भी ड्रोन जैसी उड़ने वाली वस्तु ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी। चक बबराल गांव के ऊपर शाम करीब 7:15 बजे एक ड्रोन कई मिनट तक हवा में मंडराता रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ड्रोन की आवाज साफ सुनाई दे रही थी और उसमें लाइट भी जल रही थी। कुछ देर बाद यह डिवाइस पाकिस्तान की दिशा में वापस लौट गया। उधर, पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में LoC के पास तैन से टोपा की ओर जाते हुए एक और ड्रोन जैसा ऑब्जेक्ट देखा गया। यहां भी ड्रोन में ब्लिंकिंग लाइट नजर आई, जिससे यह आशंका और गहरी हो गई कि ये सभी गतिविधियां किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती हैं।

ड्रोन के जरिए आतंक की साजिश की आशंका

इन ताजा घटनाओं को हाल ही में सामने आए एक गंभीर मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। बीते शुक्रवार रात सांबा जिले के घगवाल इलाके के पलौरा गांव में सुरक्षा बलों ने एक ड्रोन के जरिए गिराया गया हथियारों का जखीरा बरामद किया था। जांच में सामने आया कि यह ड्रोन पाकिस्तान से आया था और इसके जरिए हथियार भारतीय सीमा में गिराए गए थे। बरामद सामग्री में दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 कारतूस और एक ग्रेनेड शामिल था। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। लगातार हो रही ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए सीमा से सटे सभी इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। सेना और खुफिया एजेंसियां इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि कहीं इन ड्रोन के जरिए आतंकियों को हथियार, नकदी या अन्य सामग्री पहुंचाने की साजिश तो नहीं रची जा रही।

Read more-“आप लाइन में हैं या नहीं?”, केशव मौर्य के बयान पर अखिलेश यादव का करारा जवाब

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts