राजस्थान के जयपुर जिले के चौमूं से एक बेहद दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां 43 वर्षीय कैलाश शर्मा नाम के व्यक्ति ने शादी न होने की वजह से एक ऐसा कदम उठाया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कैलाश ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रामलाल शर्मा को एक पत्र लिखा है, जिसमें उसने खुलकर अपनी कुंवारेपन की परेशानी बताई और उनसे “मेरी शादी करवा दीजिए” की गुहार लगाई।
कैलाश का कहना है कि उसने अब तक कई कोशिशें कीं लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई। उसकी उम्र बढ़ती जा रही है और अब समाज में लोग उसका मजाक उड़ाने लगे हैं। इसलिए उसने ठान लिया कि अब अपनी बात किसी नेता तक पहुंचाएगा, जो शायद उसकी मदद कर सके। यही सोचकर उसने भावनाओं से भरा यह पत्र लिखा, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सामूहिक विवाह से मिली प्रेरणा, BJP नेता से लगाई उम्मीद
दरअसल, हाल ही में चौमूं में एक सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें पूर्व विधायक रामलाल शर्मा भी शामिल हुए थे। उन्होंने इस कार्यक्रम के दौरान कहा था कि समाज को ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि जिन युवाओं की शादी नहीं हो पा रही है, उन्हें भी नया जीवनसाथी मिल सके।
शायद यही बात कैलाश शर्मा के मन में उतर गई। उसने उस भाषण से प्रेरणा लेकर सीधे रामलाल शर्मा को एक भावुक पत्र लिख दिया। पत्र में कैलाश ने लिखा कि “आप समाजसेवा करते हैं, गरीबों की मदद करते हैं, अब मेरी शादी भी करवा दीजिए साहब। बहुत सालों से अकेला हूं।”
पत्र में उसने यह भी बताया कि वह स्थाई नौकरी करता है, किसी पर बोझ नहीं है, बस अब जीवनसाथी की कमी सालती है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ‘शादी का खत’
कैलाश शर्मा का यह अनोखा पत्र सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है। फेसबुक, एक्स (Twitter) और इंस्टाग्राम पर लोग इसे शेयर कर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स मजाक में लिख रहे हैं – “अब तो शादी का पोस्ट ऑफिस खोलना पड़ेगा”, जबकि कुछ इसे एक गंभीर सामाजिक समस्या से जोड़कर देख रहे हैं।
कई लोगों का कहना है कि आज भी समाज में कई ऐसे पुरुष और महिलाएं हैं जो उम्र बीत जाने के बावजूद विवाह नहीं कर पाते, या तो रिश्ते नहीं मिलते या आर्थिक कारण आड़े आते हैं। कैलाश का यह कदम शायद उन सभी लोगों की आवाज़ बन सकता है जो समाज की इस समस्या से जूझ रहे हैं।
उधर, पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने मीडिया से कहा है कि उन्होंने पत्र देखा है और जल्द ही कैलाश से मुलाकात कर उसकी मदद करने का प्रयास करेंगे।
READ MORE-Video: सड़क पर शराबी मनचले की पिटाई LIVE! लड़की ने बीच बाजार में सिखाया ऐसा सबक कि थम गया ट्रैफिक
