बिहार के रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 25 वर्षीय प्रीतम नाम का युवक अचानक 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों के अनुसार युवक ने जैसे ही टावर पर चढ़ते ही फेसबुक पर स्टेटस डाला—“अब जान दे दूंगा!”—वैसे ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई यह जानने को बेताब था कि आखिर युवक ऐसा कदम क्यों उठा रहा है।
प्रेमिका से विवाद ने पहुंचाया टावर पर
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, युवक का अपनी प्रेमिका से लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रेमिका की लगातार मांगों और दबाव से परेशान होकर उसने यह खतरनाक कदम उठाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टावर पर चढ़ते समय वह बार-बार यही चिल्ला रहा था कि अब वह इस रिश्ते से तंग आ चुका है और अपनी जान देकर ही सब खत्म कर देगा। इस घटना से पूरे गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले तक ग्रामीण उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
पुलिस-प्रशासन ने घंटों की मशक्कत के बाद उतारा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने के लिए कई घंटे तक मशक्कत करती रही। प्रशासन ने अग्निशमन विभाग की मदद भी ली और लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अंततः ग्रामीणों और अधिकारियों की समझाइश से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और कौतूहल दोनों पैदा कर दिया है। हर कोई यही चर्चा कर रहा है कि प्यार में टूटकर कोई इतना बड़ा कदम क्यों उठाता है।
Read more-रामभद्राचार्य-प्रेमानंद विवाद पर बोले धीरेंद्र शास्त्री, कहा- “दो संतों को लड़वाने की हो रही कोशिश”
