उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए कुछ युवकों को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। लेकिन यहां उन्होंने कानून का मखौल उड़ाते हुए कोर्ट परिसर में ही सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए एक रील बना डाली। वीडियो में आरोपी बेशर्मी से पुलिस की मौजूदगी में रील बनाते हुए नजर आए, जिससे न सिर्फ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए, बल्कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो गया।
रील वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई
सोशल मीडिया पर जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला संज्ञान में आते ही बुलंदशहर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। वीडियो में दिख रहे युवकों के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें कानून की गंभीर अवहेलना हैं और ऐसे आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पुलिस कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि आखिर कैसे यह सब उनकी मौजूदगी में हुआ।
भौकाल दिखाने की कीमत अब पड़ेगी भारी
पुलिस ने अब आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की निगरानी शुरू कर दी है। साथ ही कोर्ट परिसर में सुरक्षा और निगरानी को भी और सख्त कर दिया गया है ताकि भविष्य में कोई भी आरोपी इस तरह का स्टंट ना कर सके। यह घटना एक बार फिर से दिखाती है कि सोशल मीडिया का दिखावा कुछ लोगों के लिए कानून से भी ऊपर होता जा रहा है, लेकिन इस बार उनके ‘भौकाल’ ने उन्हें और मुश्किलों में डाल दिया है।
Read More-जब ‘ठाकुर सज्जन सिंह’ की जान बचाने आगे आए सीएम योगी, परदे के पीछे की अनकही कहानी!
