Dhiraj Kumar: फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और निर्माता धीरज कुमार को गंभीर हालत में मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 80 वर्षीय धीरज कुमार निमोनिया से पीड़ित हैं और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है और उन्हें आईसीयू (गहन चिकित्सा कक्ष) में रखा गया है।
धीरज कुमार पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, जिसके बाद रविवार देर रात उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई। परिवार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद निमोनिया की पुष्टि की।
एक्टर की तबीयत बिगड़ने से चिंता में फैंस
सूत्रों के अनुसार, उनकी उम्र और पहले से मौजूद स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए डॉक्टर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।
धीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में चिंता की लहर दौड़ गई है। कई जानी-मानी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उनके प्रशंसक भी सोशल मीडिया पर प्रार्थनाएं कर रहे हैं और ताज़ा जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। अस्पताल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन परिवार की ओर से अपील की गई है कि अफवाहों से बचें और उनके लिए दुआ करें।
View this post on Instagram
बेहद शानदार रहा है फिल्मी करियर
धीरज कुमार ने अपने करियर की शुरुआत बतौर अभिनेता की थी और बाद में टेलीविजन जगत में बतौर निर्माता उन्होंने बड़ा नाम कमाया। 1980 और 90 के दशक में उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों का निर्माण किया, जिनमें ओम नमः शिवाय, साई बाबा, श्री गणेश जैसे धार्मिक सीरियल प्रमुख हैं। उन्होंने हिन्दी फिल्मों में भी अभिनय किया है और कई चर्चित फिल्मों का हिस्सा रहे हैं।
उनकी कंपनी ‘क्रिएटिव आई लिमिटेड’ ने भारतीय टेलीविजन में एक नई दिशा दी और पारिवारिक व पौराणिक विषयों को प्रस्तुत करने में अग्रणी भूमिका निभाई। मनोरंजन जगत में उनके योगदान को देखते हुए कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
Read More-सारा तेंदुलकर ने पहली बार लाइव देखा मैच, शेयर की खुद की खूबसूरत तस्वीर
