पश्चिम एशिया में हालात तनावपूर्ण होने के बीच भारत में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर अफवाहें तेजी से फैल गई हैं। सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स में इस बात को लेकर चर्चा हुई कि देश के कई हिस्सों में ईंधन स्टॉक खत्म हो गया है। इस खबर ने आम जनता में डर और घबराहट पैदा कर दी, जिसके चलते कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। लोग बिना आवश्यकता के ईंधन भरवाने लगे, जिससे कई स्थानों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति भी देखने को मिली। BPCL (भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) ने इस अफवाह को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है और स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है और पूरे देश में ईंधन की उपलब्धता पर्याप्त बनी हुई है।
BPCL का बयान: आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से दूर रहें
BPCL ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि भारत पेट्रोल और डीजल का नेट एक्सपोर्टर है और कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और एटीएफ (ATF) का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। BPCL कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदकर पैनिक न करें। बीपीसीएल के अनुसार, देशभर में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सामान्य और स्थिर बनी हुई है। कंपनी ने यह भी कहा कि ईंधन आपूर्ति पर किसी भी प्रकार का असर नहीं पड़ा है और सभी डीलर पंप संचालन में पूरी तरह सक्षम हैं।
डीलर्स एसोसिएशन का भरोसा: सप्लाई चैन सामान्य
तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने भी प्रेस नोट जारी कर स्थिति स्पष्ट की। एसोसिएशन ने बताया कि एचपीसीएल, आईओसीएल और BPCL के पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन मौजूद है और सप्लाई चैन सामान्य रूप से संचालित हो रही है। एसोसिएशन ने यह भी कहा कि अफवाहों के कारण कुछ पंपों पर असामान्य बिक्री देखी गई, जो आम तौर पर बिक्री का 2.5 से 3 गुना तक थी। इससे लोगों को लगा कि स्टॉक खत्म हो रहा है, जबकि असल में ऐसा नहीं था। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं।
नागरिकों को क्या सावधानियां बरतनी चाहिए
एसोसिएशन और BPCL दोनों ने नागरिकों से कहा कि पैनिक बायिंग न करें और पेट्रोल या डीजल को घर पर डिब्बों में स्टोर करने से बचें। पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) के अनुसार, ईंधन को घर पर स्टोर करना खतरनाक हो सकता है और आग जैसी गंभीर दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ा सकता है। इसके अलावा, लोगों को अफवाहों के बजाय आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा रखने की सलाह दी गई है। यदि किसी क्षेत्र में अस्थायी कमी होती भी है, तो वह वितरण में देरी या लोकल डीलर के स्टॉक की वजह से होता है, न कि देशव्यापी संकट के कारण।
Read More-35 दिन में ही मिलेगा गैस सिलेंडर? नए नियमों की चर्चा के बीच सरकार का बड़ा खुलासा
