Mathura Sub Inspector Suicide: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ट्रैफिक पुलिस ऑफिस में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और हर कोई अछम्भे में है कि आखिर एक खाकीधारी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
गोकुल बैराज के पास हुई घटना
घटना मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोकुल बैराज के नजदीक की है। यहाँ ट्रैफिक विभाग में बतौर सब-इंस्पेक्टर कार्यरत पंकज यादव ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली से उड़ा लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दरोगा ने अपनी ही सरकारी पिस्तौल का इस्तेमाल किया था, जिसे उन्होंने महज़ कुछ घंटे पहले ही ड्यूटी के लिए जारी करवाया था। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और पुलिसकर्मी जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पारिवारिक कलह और पत्नी भी हैं सिपाही
एसएसपी श्लोक कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया इस आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह मुख्य वजह नजर आ रही है। हैरानी की बात यह है कि मृतक दरोगा पंकज यादव की पत्नी भी उत्तर प्रदेश पुलिस में ही सिपाही के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में मथुरा के ही थाना सदर में उनकी पोस्टिंग है। घटना की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुँच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच और फॉरेंसिक साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से तमाम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से होने वाली पूछताछ के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी सख्ती के साथ सुनिश्चित की जाएगी।
