तिहाड़ जेल से रिहाई के ठीक बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दोनों नेताओं को नोटिस जारी कर आज यानी गुरुवार, 22 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस ने उन्हें बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे तिहाड़ जेल के बाहर निकलते ही यह समन थमाया। इस नए कानूनी शिकंजे के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और समर्थकों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या है पूरा मामला और किस धारा के तहत हो रही कार्रवाई?
यह पूरा मामला सरकारी आदेशों की अवहेलना करने और बिना अनुमति के दूसरे की संपत्ति में प्रवेश कर जंतर-मंतर पहुंचने से जुड़ा हुआ है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के अंतर्गत जांच शुरू की है, जो किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा विधिवत रूप से जारी किए गए आदेश की अवज्ञा या अनुपालन न करने से संबंधित है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की WR1 यूनिट को सौंप दी गई है, जो अब इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और साक्ष्यों को खंगालने में जुटी है।
अजिंक्य शिंदे की भी बढ़ सकती हैं मुश्किलें, पुलिस कर रही है संपर्क
सौरव दास और आशुतोष रांका के अलावा इस प्रकरण में CJP के एक अन्य नेता अजिंक्य शिंदे का नाम भी सामने आ रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम उनसे भी संपर्क साधने का प्रयास कर रही है ताकि उन्हें भी इस जांच प्रक्रिया में शामिल किया जा सके। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का पूरा फोकस आज होने वाली पूछताछ पर है, जहां दोनों नेताओं से जंतर-मंतर तक पहुंचने के घटनाक्रम और अन्य आरोपों को लेकर पूछताछ की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद आने वाले दिनों में मामले में और भी नए खुलासे होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
Read More-तिहाड़ से बाहर आते ही सौरव दास का बड़ा ऐलान! पोस्ट में कहा-‘ज्ञानू को…’
