बिहार के बगहा जिले से लगी भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई है। वाल्मीकिनगर के पास स्थित विवादित सुस्ता क्षेत्र में गश्त कर रही सशस्त्र सीमा बल (SSB) की टीम के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और पथराव की घटना सामने आई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। SSB की शिकायत के आधार पर वाल्मीकिनगर थाने में नेपाल के सुस्ता गांव के 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
गश्त के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 21वीं वाहिनी SSB की गश्ती टीम उप कमांडेंट विजय कुमार के नेतृत्व में नियमित गश्त पर निकली थी। इसी दौरान टीम सुस्ता क्षेत्र में पहुंची, जहां भारतीय सीमा की ओर मिट्टी का बांध बनाए जाने का काम चल रहा था। SSB का कहना है कि इससे पहले भारत और नेपाल के अधिकारियों के बीच सीमा क्षेत्र में यथास्थिति बनाए रखने और तय सीमा से आगे निर्माण नहीं करने पर सहमति बनी थी। जवानों ने जब इस निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई और नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (APF) के अधिकारियों से बात की, तभी माहौल तनावपूर्ण हो गया।
भीड़ के पथराव का आरोप, दर्ज हुई FIR
SSB की शिकायत के मुताबिक, बातचीत के दौरान नेपाल के सुस्ता गांव से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि करीब 150 से 200 लोगों की भीड़ ने जवानों के साथ गाली-गलौज की और माहौल बिगाड़ दिया। जब SSB की टीम वहां से अपनी पोस्ट की ओर लौटने लगी, तब उस पर पत्थर फेंके गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी जवान के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद 21वीं वाहिनी SSB के सहायक कमांडेंट की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं जांच
घटना के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। भारत-नेपाल सीमा का सुस्ता क्षेत्र पहले भी सीमा विवाद को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि सीमा पर शांति बनाए रखना दोनों देशों के लिए जरूरी है और जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More-घर में अकेली थी BCA छात्रा… कुछ घंटों बाद कमरे का दरवाजा खुला तो सामने था दिल दहला देने वाला मंजर
