बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर बेखौफ अपराधियों की गोलियों से दहल उठी। पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब विद्या पूरी पार्क के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने एक शख्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मृतक की पहचान अमन शुक्ला के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से जा रहे थे। अचानक पीछे से आए हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। चंद सेकेंड में पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा और देखते ही देखते अपराधी मौके से फरार हो गए। इस खौफनाक वारदात के दौरान पत्नी और बच्चा बदहवास हालत में सड़क पर खड़े रह गए, जबकि आसपास मौजूद लोग डर के मारे सहम गए।
अस्पताल में टूटी उम्मीद, मौके पर मचा कोहराम
फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों की मदद से अमन शुक्ला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि अमन शुक्ला अपने बेटे की थेरेपी कराने के लिए डॉक्टर के पास जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने न सिर्फ इलाके के लोगों को डरा दिया, बल्कि राजधानी की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जिस तरह से अपराधियों ने खुलेआम हमला किया, उससे साफ है कि उन्हें पुलिस या कानून का कोई डर नहीं है।
पुलिस जांच में सामने आया आपराधिक इतिहास
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पटना पूर्वी के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि मृतक अमन शुक्ला का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2020 में बेऊर थाना क्षेत्र में बैंक लूट की एक घटना में वह जेल जा चुके थे और इसी साल मई महीने में जेल से बाहर आए थे। पुलिस के मुताबिक, हाल के दिनों में अमन शुक्ला पटना में एक सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन कर रहे थे। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह पुरानी रंजिश का मामला है या किसी नए विवाद का नतीजा।
CCTV से सुराग, दूसरी हत्या से बढ़ी चिंता
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी बीच पटना से जुड़ी एक और गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के बाहरी इलाके बाढ़ थाना क्षेत्र के जलगोविंद इलाके में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान धर्मवीर पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कथित तौर पर ग्राम प्रधान भगत मुखिया ने उस वक्त पासवान को गोली मार दी, जब वह घर के बाहर टहल रहा था। दो अलग-अलग इलाकों में हुई इन हत्याओं ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस के लिए यह बड़ी चुनौती बन चुकी है।
Read more-शादियों में अब नहीं बजेगा डीजे, मोमो-चाउमीन भी बैन! नियम तोड़ने पर लगेगा 1 लाख का जुर्माना
