Sukhbir Singh Badal Attack: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द ठीक होने की कामना की। नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में हुए इस हमले में सुखबीर बादल घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, एक निहंग ने गुरुद्वारे के अंदर कृपाण से उन पर हमला किया था। आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया गया है।
गुरुद्वारे में हुआ हमला, हाथ में लगे तीन टांके
जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में मौजूद थे। इसी दौरान एक निहंग ने कथित तौर पर उन पर कृपाण से हमला कर दिया। हमले में सुखबीर के हाथ पर चोट आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, उनके हाथ में तीन टांके लगाए गए हैं। नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन ने बताया कि हमलावर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
CM फडणवीस और डिप्टी CM शिंदे ने भी जाना हाल
घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बात कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मामले की जांच के आदेश भी दिए हैं। वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हरसिमरत कौर बादल से बातचीत कर सुखबीर के स्वास्थ्य की जानकारी ली। शिंदे ने कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
PM मोदी के फोन के बाद फिर चर्चा में BJP-SAD की नजदीकी
सुखबीर बादल का हाल जानने के लिए पीएम मोदी की ओर से हरसिमरत कौर को फोन किए जाने के बाद बीजेपी और अकाली दल के रिश्तों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पिछले कुछ समय से दोनों दलों के बीच नजदीकी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। 7 अगस्त को सुखबीर बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पर समर्थन देने की बात कही थी। अब राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां फिर से साथ आ सकती हैं।
2020 में किसान आंदोलन के दौरान टूटा था गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल के बीच लंबे समय तक राजनीतिक गठबंधन रहा था। हालांकि, कृषि कानूनों को लेकर हुए किसान आंदोलन के दौरान सितंबर 2020 में दोनों दलों के रिश्तों में बड़ा बदलाव आया और गठबंधन टूट गया। अब दोनों पार्टियों के बीच फिर बढ़ती बातचीत को पंजाब की राजनीति में अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, आगामी चुनाव को लेकर गठबंधन पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल सुखबीर बादल पर हुए हमले की जांच और उनकी सेहत सबसे अहम मुद्दा बनी हुई है।
Read More-UP की महिलाओं को योगी सरकार देगी 50 हजार? तो अखिलेश यादव बोले- उनकी सपा आई तो…
