Operation Sindoor: भारत के एक्शन के बाद पाकिस्तान बौखला गया है और अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान सेना ने बुधवार को जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास स्थित गांव को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की जिसमें 15 निर्दोष लोगों की मौत हो गई। भारतीय सेना ने पाकिस्तान सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया और उनकी कई चौकिया को नुक्सान पहुंचा। पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में लोगों के घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। लोगों के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गई हैं।
गोलाबारी में 15 निर्दोष लोगों की गई जान
भारत की ओर से पाकिस्तान और पीओके में किए गए एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सेना ने पूंछ और तंगधार क्षेत्रों में स्थानीय लोगों पर गोलीबारी शुरू की। पाकिस्तान की अंधाधुंध गोलाबारी से सीमावर्ती निवासियों में दहशत फैल गई और उन्हें बंकरों में शरण लेनी पड़ी। वहीं जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बॉर्डर वाले इलाकों की घटना के मद्दे नजर अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की। रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से नागरिकों को निकालने का आदेश दिया है।
हम शांति चाहते हैं-घायल स्थानीय
पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में घायल स्थानीय नागरिक बदरुद्दीन ने कहा, “पाकिस्तान ने रात करीब 2:30 बजे भारी गोलाबारी शुरू कर दी, जिस वजह से हमें भागना पड़ा। हमारे चार घर जला दिए गए। मैं और मेरा बेटा दोनों घायल हो गए। मेरा परिवार जीएमसी में है। हमारे लिए कोई जगह नहीं है। हम शांति चाहते हैं। शांति होनी चाहिए।”
