बांग्लादेश एक बार फिर गंभीर हिंसा और अशांति के दौर से गुजर रहा है। युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद देश के कई हिस्सों में उग्र विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। हालात इतने बिगड़ गए कि कई शहरों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं। राजधानी ढाका समेत अन्य इलाकों में बड़े अखबारों के दफ्तरों को निशाना बनाया गया, वहीं ‘बंगबंधु’ शेख मुजीबुर रहमान के पैतृक घर में भी आग लगाए जाने की खबरों ने पूरे देश को झकझोर दिया। सड़कों पर गुस्साई भीड़, जले हुए भवन और तनावपूर्ण माहौल ने यह साफ कर दिया है कि बांग्लादेश इस वक्त बेहद नाजुक स्थिति से गुजर रहा है।
हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या ने बढ़ाया तनाव
इसी उथल-पुथल के बीच मैमनसिंह से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ईशनिंदा के आरोप में एक हिंदू युवक की भीड़ ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद युवक के शव को पेड़ से लटकाया गया और फिर उसमें आग लगा दी गई। इस घटना ने देशभर में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के वक्त मौके पर भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन कोई भी युवक को बचाने आगे नहीं आया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे। इस निर्मम हत्या को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय में गहरी चिंता और असुरक्षा की भावना देखी जा रही है।
अंतरिम सरकार ने की निंदा, शांति की अपील
मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मैमनसिंह में एक हिंदू व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की जाती है। बयान में साफ कहा गया कि “नए बांग्लादेश में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।” सरकार ने भरोसा दिलाया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सरकार ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और नफरत व उकसावे का विरोध करने की अपील की है।
चुनावी माहौल और बढ़ती अस्थिरता
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह हिंसा ऐसे समय पर भड़की है जब देश पहले से ही राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। शरीफ उस्मान हादी इंकलाब मंच के छात्र नेता थे और ढाका-8 सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर सक्रिय थे। उनकी मौत के बाद विरोध-प्रदर्शन ने सांप्रदायिक रंग ले लिया, जिससे हालात और ज्यादा बिगड़ गए। लगातार हो रही हिंसा, आगजनी और हत्याओं ने आगामी राजनीतिक प्रक्रिया और सामाजिक सौहार्द पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिकों में डर का माहौल है और अंतरिम सरकार के सामने कानून-व्यवस्था बहाल करना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
