इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र के न्यू नेहरू नगर में नवविवाहिता वंदना कुशवाह की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में उसकी जेठानी पार्वती कुशवाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाओं के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था। रक्षाबंधन के दिन वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी की थी। बताया जा रहा है कि पार्वती का भाई दुष्कर्म के एक मामले में दमोह जेल में बंद है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। गुरुवार को एक बार फिर विवाद बढ़ा और बात हिंसा तक पहुंच गई। उस समय घर में दोनों महिलाएं ही मौजूद थीं।
बहस के बाद किचन से चाकू लाई जेठानी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि विवाद के दौरान वंदना ने पार्वती से कहा कि उसका पति उसकी बात मानता है और वह उसे पति-बच्चों के साथ घर से बाहर करवा देगी। इस बात से पार्वती बेहद नाराज हो गई। आरोप है कि वह गुस्से में किचन में गई और वहां से चाकू लेकर वापस आई। इसके बाद उसने वंदना की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। वंदना की चीख सुनकर आसपास के लोगों को कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा हुआ। काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी। वारदात के समय पार्वती के बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि उसके पति और वंदना के पति उपेंद्र अस्पताल में भर्ती थे।
घर के बाहर हौज में मिला वंदना का शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के बाहर बनी पानी की हौज में वंदना का शव मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा। जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई, जिसमें पार्वती के घर से निकलने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पार्वती ने हत्या की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के बाद शव को हौज में डालने के पीछे क्या वजह थी।
शादी के सिर्फ 20 दिन बाद उजड़ गया वंदना का घर
वंदना मूल रूप से इंदौर के राजनगर की रहने वाली थी। उसकी उपेंद्र से पहले दोस्ती हुई और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था और उपेंद्र की नशे की आदत को लेकर भी आपत्ति थी। 11 अगस्त को वंदना ने घर से निकलकर उपेंद्र के साथ मंदिर में शादी कर ली थी। इसके बाद उसके परिवार ने चंदन नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के सामने वंदना ने उपेंद्र के साथ रहने की बात कही, जिसके बाद दोनों साथ रहने लगे। पुलिस के अनुसार, उपेंद्र जूते बेचने का काम करता था, जबकि पार्वती का पति भूपेंद्र फुटपाथ पर कपड़े बेचता है। शादी के महज करीब 20 दिन बाद वंदना की हत्या ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है।
Read More-भावुक क्षण: पोस्टर को मां समझकर दूध पिलाने लगा मासूम बछड़ा, वायरल वीडियो ने पसीजा लोगों का दिल
