टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर अब नया संकेत मिला है। एशिया कप के दौरान चोटिल होने के बाद उन्होंने मैदान से लंबा ब्रेक लिया था। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक वह पूरी तरह फिट हो चुके हैं और जल्द एक बार फिर भारतीय जर्सी में नजर आने वाले हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज 14 नवंबर से शुरू हो रही है, लेकिन हार्दिक का नाम टेस्ट टीम में शामिल नहीं है। हालांकि, वनडे सीरीज के लिए उनका चयन लगभग तय माना जा रहा है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से होगी ‘हार्दिक’ वापसी
हार्दिक पांड्या वनडे सीरीज से पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलते नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि वह टूर्नामेंट के दूसरे मैच तक मैदान पर लौट सकते हैं। यह घरेलू टूर्नामेंट हार्दिक के लिए अपनी फिटनेस और फॉर्म परखने का बेहतरीन मौका साबित होगा। लंबे समय तक बाहर रहने के बाद वह खुद भी मैदान पर वापसी के लिए बेसब्र बताए जा रहे हैं। उनके ट्रेनिंग सेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह नेट्स पर जोरदार प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं।
टीम इंडिया की नजर हार्दिक की फिटनेस पर
भारतीय चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की नजर अब हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर टिकी है। टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कड़े मुकाबलों की तैयारी करनी है, और ऐसे में हार्दिक जैसा अनुभवी ऑलराउंडर टीम के लिए बड़ा प्लस पॉइंट साबित हो सकता है। उनकी वापसी से बैलेंस्ड टीम कॉम्बिनेशन बन सकेगा, क्योंकि वह तेज गेंदबाजी के साथ-साथ आक्रामक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते हैं।
वनडे सीरीज में दिख सकता है हार्दिक का जलवा
अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चलता है, तो हार्दिक पांड्या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में पूरी तरह एक्शन में नजर आ सकते हैं। उनकी मौजूदगी से न केवल टीम इंडिया की गेंदबाजी को गहराई मिलेगी, बल्कि मिडिल ऑर्डर में स्थिरता भी आएगी। हार्दिक पहले भी विदेशी दौरों पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और उनकी ऑलराउंड क्षमताएं उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती हैं। क्रिकेट फैंस के बीच भी अब यह उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर वह कब मैदान पर वापसी करेंगे और अपनी पुरानी चमक दोबारा दिखाएंगे।
READ MORE-अचानक स्ट्रीम हुआ ‘Delhi Crime Season 3’, नए अपराध और चौंकाने वाले ट्विस्ट ने बढ़ाई दिलचस्पी!
