भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिल्ली स्थित मुख्यालय में शनिवार को दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। पार्टी कार्यालय में तीन अहम बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें संगठन की नई टीम के औपचारिक परिचय से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के राजनीतिक सफर से जुड़े ‘Modi@25’ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा होगी। इसके अलावा शाम की बैठक में संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों की रणनीति पर भी विस्तार से मंथन किया जाएगा। इन बैठकों में पार्टी के कई बड़े नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
सुबह की बैठक में नितिन नवीन की नई टीम का परिचय
शनिवार की पहली बैठक सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इसमें BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की हाल में घोषित नई राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया जाएगा। नई टीम में संगठन के अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। बैठक का उद्देश्य नए पदाधिकारियों को पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था, उनकी जिम्मेदारियों और आने वाले कार्यक्रमों की प्राथमिकताओं से परिचित कराना है। नई टीम में कई राज्यों के अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है, जिससे संगठन को और मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
‘Modi@25’ को लेकर बनेगा कार्यक्रमों का पूरा रोडमैप
दिन की दूसरी बैठक का फोकस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 साल पूरे होने से जुड़े ‘Modi@25’ कार्यक्रम पर रहेगा। BJP इस मौके को देशभर में बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। बैठक में अलग-अलग राज्यों में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही जनता के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए अभियान और कार्यक्रम किस तरीके से चलाए जाएंगे, इस पर भी चर्चा होगी। पार्टी स्तर पर इन कार्यक्रमों की टाइमलाइन और जिम्मेदारियां तय किए जाने की संभावना है।
शाम की बैठक में चुनाव और संगठन पर सबसे बड़ा मंथन
शनिवार की तीसरी और सबसे अहम बैठक शाम 6 बजे शुरू होने की बात कही गई है। इसमें नितिन नवीन के अलावा BJP के राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। गृह मंत्री अमित शाह भी बैठक को संबोधित कर सकते हैं। इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, राज्यों में पार्टी की स्थिति, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आने वाले चुनावों की तैयारियों पर चर्चा होगी। पार्टी की आगे की रणनीति तय करने के लिहाज से यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नई टीम में बड़े नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
नितिन नवीन की नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राम माधव, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में पांच महिलाएं हैं, जबकि आठ राष्ट्रीय महामंत्रियों में स्मृति ईरानी एकमात्र महिला हैं। बैठक में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, संगठन महासचिव बीएल संतोष, अनिल बलूनी, अनिल एंटनी, पीयूष गोयल, राजेश मंगल, संबित पात्रा, तरुण चुघ और दीपक म्हास्के समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
Read More-पहले जंतर-मंतर, फिर राजघाट… आरक्षण विरोधी प्रदर्शनकारियों के साथ रात में क्या हुआ?
