पंजाब की राजनीति एक बार फिर गर्म हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की ओर से की गई। नवजोत कौर सिद्धू पिछले कई दिनों से पार्टी नेतृत्व पर सीधा हमला कर रही थीं, लेकिन शनिवार को दिया गया उनका बयान अचानक बड़ा राजनीतिक बवंडर बन गया। उनके इस बयान में उन्होंने पैसों के बदले मुख्यमंत्री बनाए जाने का आरोप लगाया था, जिसने कांग्रेस आलाकमान की मुश्किलें बढ़ा दीं और मामला सस्पेंशन तक पहुंच गया।
क्या था नवजोत कौर सिद्धू का विवादित बयान?
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा था कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू तभी राजनीति में वापसी करेंगे जब कांग्रेस उन्हें पंजाब का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करेगी। उन्होंने दावा किया कि उनके पास किसी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है। यहीं नहीं रुकीं, बल्कि उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में वही मुख्यमंत्री बनता है जिसके पास ‘500 करोड़ रुपए का सूटकेस’ हो। इस बयान ने राजनीतिक माहौल को झकझोर दिया। उनके आरोपों ने कांग्रेस के अंदरुनी सिस्टम और टिकट वितरण जैसे संवेदनशील मुद्दों को फिर से सुर्खियों में ला दिया।
कांग्रेस का पलटवार और अनुशासनात्मक कार्रवाई
नवजोत कौर सिद्धू के बयान पर कांग्रेस ने तत्काल प्रतिक्रिया दी और इसे ‘गंभीर अनुशासनहीनता’ बताया। पार्टी का कहना है कि ऐसे बयान न केवल कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि जनता के बीच गलत संदेश भी देते हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग ने कहा कि किसी भी नेता को पार्टी मंच का इस्तेमाल निजी या पारिवारिक राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए नहीं करना चाहिए। उनके मुताबिक, नवजोत कौर सिद्धू का बयान पार्टी की नीतियों और मर्यादा के खिलाफ था, इसलिए उन्हें सस्पेंड करना जरूरी हो गया।
सिद्धू परिवार की राजनीति और आगे की राह
यह पहली बार नहीं है जब सिद्धू परिवार किसी विवाद के चलते सुर्खियों में आया हो। नवजोत सिंह सिद्धू खुद भी अपनी बेबाकी और बयानों के कारण कई बार पार्टी लाइन से हटते नजर आए हैं। अब उनकी पत्नी का सस्पेंशन राजनीतिक तौर पर एक बड़ा झटका माना जा रहा है। प्रश्न ये उठ रहा है कि क्या नवजोत सिंह सिद्धू अब कांग्रेस में बने रहेंगे या कोई नया राजनीतिक रास्ता अपनाएंगे? अभी तक इस मामले पर उनकी सीधी प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि सिद्धू दंपत्ति आने वाले समय में बड़े निर्णय ले सकते हैं। वहीं कांग्रेस चाहती है कि पार्टी में अनुशासन और एकता बनी रहे, इसलिए ऐसे कदम आगे भी जारी रह सकते हैं।
Read more-बंगले के अंदर क्या हुआ? तेजप्रताप पर गंभीर आरोप— ‘कपड़े उतरवाकर न्यूड वीडियो बनाया!’
