बिहार के नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र के शिव स्थान मोहल्ले में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवती का शव उसके ही कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है और इसे आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन महीने पहले हुई थी लव मैरिज
नवविवाहिता मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब तीन महीने पहले सिलाव थाना क्षेत्र के करियन्ना गांव निवासी विक्रम कुमार से लव मैरिज के रूप में हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद दोनों पूनम के मायके राजगीर में ही रह रहे थे। विक्रम ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन करता था और वहीं रह रहा था। परिवार के अनुसार शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे थे। इन विवादों को लेकर कई बार घर में तनाव की स्थिति भी बन जाती थी।
झगड़े के बाद सुलझा मामला
परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। मामला बढ़ने पर परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया था। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने काम में लग गए। कुछ ही समय बाद जब कमरे की ओर देखा गया तो पूनम का शव फंदे से लटका मिला। इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, पति विक्रम का मोबाइल फोन बंद मिला और वह घर से फरार पाया गया, जिससे संदेह और गहरा गया है।
दहेज और हत्या के आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर विवाद चल रहा था। उनका दावा है कि विक्रम लगातार दहेज की मांग कर रहा था और इसी वजह से दोनों के बीच तनाव बना रहता था। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार पति की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।
Read More-राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में चंपत राय ने क्या सच बताया? टिन्नू यादव पर बयान से बढ़ी हलचल
