नेपाल में हाल ही में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद जनता का गुस्सा सड़कों पर खुलकर सामने आ गया। वित्त मंत्री जनार्दन शर्मा पौडेल विरोध की आग में सीधे फंस गए। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया, उनका पीछा किया और अंततः पानी में उतरकर भी मंत्री को नहीं बख्शा। वह भागते रहे, गिरते-पड़ते, लेकिन जनता का गुस्सा थमता नहीं दिखा।
वायरल वीडियो में मारपीट और सड़क पर घसीटने के दृश्य
दूसरे वीडियो में मंत्री पौडेल को सड़क पर दौड़ते, लोगों से बचते हुए देखा जा सकता है, लेकिन कुछ ही दूरी पर प्रदर्शनकारियों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उनके साथ जमकर मारपीट हुई और उन्हें सड़क पर घसीटा गया। कुछ प्रदर्शनकारी उनके कपड़े फाड़ते दिखे तो कुछ लात-घूंसे बरसाते नजर आए। ‘भ्रष्टाचार मुर्दाबाद’ और ‘नेता चोर हैं’ जैसे नारे पूरे माहौल को उग्र बनाते रहे।
सरकार की किरकिरी, विपक्ष ने उठाई इस्तीफे की मांग
इस घटना के बाद नेपाल की राजनीति में भूचाल आ गया है। विपक्ष ने इसे सरकार की असफलता बताया और मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी लोग सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटना ने जनता और सरकार के बीच की दूरी को और बढ़ा दिया है, जिससे देश की स्थिरता खतरे में पड़ सकती है।
