Wednesday, June 7, 2023

अमेठी में दलित लड़की से क्रूरता पर तल्ख हुईं प्रियंका गांधी, 24 घंटे में कार्रवाई करने की दी ये चेतावनी

वीडियो के बारे में जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़िता के पिता से सम्पर्क करके तहरीर ली है।

Must read

- Advertisement -

अमेठी। अमेठी में 16 साल की एक दलित लड़की की डंडों से पिटाई के मामले को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने तल्ख तेवर अपनाया है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ पर तीखा प्रहार किया है। प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट के जरिए उत्तर प्रदेश में दलितों के खिलाफ 34 आपराधिक घटनाएं होने का आरोप लगाया। उन्होंने अमेठी के मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। 24 घंटे में पुलिस आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करे। प्रियंका गांधी ने लिखा कि अगर 24 घंटे के अंदर इस अमानवीय कृत्य को करने वाले अपराधियों को नहीं पकड़ा गया तो कांग्रेस पार्टी जोरदार आंदोलन करने वाली है। यह आंदोलन बेटी को न्याय दिलाने तक जारी रहेगा। प्रियंका गांधी ने अपना पहला ट्वीट सीएम योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित करते हुए लिखा कि आपके राज में हर रोज दलितों के खिलाफ औसतन 34 अपराध की घटनाएं होती हैं। 135 महिलाओं के खिलाफ फिर भी आपकी कानून व्यवस्था सो रही है।

- Advertisement -

ज्ञात हो कि अमेठी में 16 साल की एक दलित लड़की की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। इस वीडियो में लड़की को दो लड़के जमीन पर पैरों से कुचलते दिख रहे हैं। लड़की का पैर बांध कर उसके तलवे पर डंडे से पीटा जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

अमेठी से सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो में एक लड़की को दो लड़के डंडों से पीटते और जमीन पर लिटाकर पैरों से कुचला जा रहा है। इस दौरान वहां कुछ महिलाएं भी नजर आ रही है जो आरोपियों को रोकने की बजाए इस क्रूरता में उनका साथ दे रही है। वीडियो के बारे में जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़िता के पिता से सम्पर्क करके तहरीर ली है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है। लड़की के पिटाई का मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के फुलवारी गांव का है। बताया जा रहा है कि सूरज सोनी के घर से कुछ दिनों पहले दो मोबाइल फोन चोरी हो गए था। लड़की से मारपीट इसी घटना को लेकर की गई।

ये हुई है कार्रवाई

अमेठी के डीएसपी अर्पित कपूर ने बताया कि तीन आरोपियों सूरज सोनी, शिवम और साकाल के खिलाफ पुलिस ने पाक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। डीएसपी कपूर ने कहा कि पीड़िता संग्रामपुर पुलिस थाने के एक गांव की रहने वाली है। यह वारदात रायपुर फुलवारी कस्बे में हुई। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ेंःराहुल और प्रियंका ने अमेठी में निकाली प्रतिज्ञा पदयात्रा, महंगाई-बेरोजगारी को लेकर BJP को कही ये बात

- Advertisement -

More articles

Latest article