कन्नौज। कानपुर के इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कन्नौज घर, आवास पर आयकर विभाग और जीएसटी की छापेमारी की कार्रवाई अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि समाजवादी इत्र बनाने वाले काली कमाई के कुबेर पीयूष जैन के कन्नौज स्थित घर से नोटों से भरी प्लास्टिक की आठ बोरियां मिली है। घर से सोने की बिस्किट और चांदी भी बरामद हुई है। शनिवार रात से ही नोट गिनने की तीन मशीनें लगी हैं। बताया जा रहा है कि अब तक 80 करोड़ का कैश मिल चुका है। अधिकारी बेडरूम, बाथरूम किचन सभी जगह से कैश और जेवरात बरामद कर रहे हैं। अब तक कानपुर और कन्नौज स्थित आवास से 257 करोड़ नगदी, 15 किलो सोना और 50 किलो चांदी बरामद की जा चुकी है। टीम अभी भी नोटों की गिनती में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि अभी और बड़ी राशि मिल सकती है।
ज्ञात हो कि पीयूष जैन के कानपुर घर से आलमारी से मिले कैश की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई हैं। अब कानपुर के बाद कन्नौज स्थित घर से भी जमकर कैश और सोना-चांदी निकल रहा है। छापेमारी के दौरान टीम को कुछ डायरी और बिल भी मिले हैं। इनमें कई कंपनियों से कच्चा माल खरीदने और बेचने का जिक्र है। माना जा रहा है कि सम्बंधित लोगों पर भी शिकंजा कसेगा। छापे में शामिल टीम अब इन कंपनियों से संपर्क कर बिलों और डायरी में दर्ज जानकारी लेगी। इनकम टैक्स विभाग की छापेमार कार्रवाई से इत्र कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची है।
ऐसा है पीयूष जैन का साम्राज्य
पीयूष जैन कन्नौज में इत्र के बड़े व्यापारियों में शुमार किए जाते हैं। वह 40 से ज्यादा कंपनियों के मालिक हैं। इनमें से दो कंपनियां मिडिल ईस्ट में हैं। कन्नौज में पीयुष की परफ्यूम फैक्ट्री, कोल्ड स्टोरेज और पेट्रोल पंप भी हैं। मुंबई में पीयूष जैन का मुख्यालय है। मुम्बई में पीयुष जैन का एक बंगला भी है. पीयूष जैन इत्र का सारा बिजनेस मुंबई से करते हैं। यहीं से इनका इत्र विदेशों में भी भेजा जाता है. अभी कुछ दिन पहले ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के नाम से इत्र को लांच किया था।
यह भी पढ़ेंः-27 अधिकारी, 36 घंटे की छापेमारी, 19 मशीनों से नोटों की गिनती, ऐसी है धनकुबेर पीयूष जैन की दुनिया