लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा चुनाव को लेकर महिलाओं के लिए पार्टी का अलग घोषणापत्र जारी किया है। कांग्रेस ने इस घोषणापत्र का नाम ‘शक्ति विधान’ रखा है। कांग्रेस ने इस घोषणापत्र में 12वीं में पढ़ने वाली प्रत्येक छात्रा को स्मार्टफोन और ग्रेजुएशन कर रही लड़कियों को फ्री स्कूटी देने जैसे कई बड़े वादे किये हैं। प्रियंका गांधी ने महिलाओं के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि हम राजनीति में 40 फीसदी महिलाओं को भागीदारी देंगे। उत्तर प्रदेश में कामकाजी महिलाओं की 9.4 फीसदी भागीदारी है। उन्होंने कहा कि 20 लाख में से 8 लाख महिलाओं को सरकारी नौकरी देंगे। 50 लाख तक का व्यवसाय करने वाली महिलाओं को टैक्स में छूट मिलेगी। आंगनबाड़ी और आशा बहुओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने का वादा किया। 50 फीसदी राशन की दुकानों का प्रबंध महिलाओ को मिलेगा। 10़2 छात्राओं को स्मार्ट फोन दिया जाएगा और स्नातक में पढ़ने वाली छात्राओं को फ्री स्कूटी दी जाएगी।
सक्षमता, शक्ति व दृढ़निश्चय महिलाओं के सहज गुण हैं। महिलाएँ साहस, करुणा एवं आशा की प्रतीक हैं। महिलाओं के सच्चे सशक्तिकरण के लिए आवश्यक है कि उनके लिए एक ऐसा वातावरण बनाया जाए जिसमें उनकी अभिव्यक्ति को बंधन मुक्त व असीमित आकाश मिले।
हमारे महिला घोषणा पत्र की मूल भावना यही है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) December 8, 2021
बच्ची के जन्म पर एफडी, वृद्धा-विधवा पेंशन में बढ़ोतरी
प्रियंका गांधी ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में वीरांगनाओ के नाम पर 75 दक्षता विद्यालय बनेंगे। सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में महिला पंचायत का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि 1 हजार रुपये प्रति माह वृद्धा-विधवा पेंशन मिलेगी। गरीब परिवारों को मुफ्त इंटरनेट मिलेगा। हर बच्ची के पैदा होने पर एफडी करवाई जाएगी। प्रियंका गांधी ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि महिलाएं अब अन्याय सहने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हमने महिला घोषणापत्र बनाया है। इस घोषणा पत्र के छह हिस्से हैं। स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत। उन्होंने कहा कि ये घोषणापत्र प्रदेश की महिलाओं की आशाओं-आकांक्षाओं की सामूहिक अभिव्यक्ति है जो वर्तमान सरकार में अभूतपूर्व हिंसा, शोषण व सरकार की महिला विरोधी विचारधारा का सामना कर रही हैं।
LIVE: Release of 'Women's Manifesto' in Lucknow.
उत्तरप्रदेश कांग्रेस का महिला घोषणा पत्र (शक्ति विधान)
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) December 8, 2021
प्रियंका गांधी ने इससे पहले ट्वीट कर कहा है कि यह महिला घोषणा पत्र (शक्ति विधान) महिला सशक्तीकरण और राजनीति में महिलाओं की भूमिका के लिए मील का पत्थर बनेगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनायेगा। पिछले कई महीने में यूपी कांग्रेस ने प्रदेश भर की महिलाओं से सलाह-मशविरा किया और उनके लिए एक नई राह बनाने का खाका तैयार किया। शक्ति विधान गृहणियों, कॉलेज की लड़कियों, आशा व आंगनबाड़ी बहनों, स्वयं-सहायता समूह की बहनों, शिक्षिकाओं और प्रोफेशनल महिलाओं की आवाज का प्रतिबिंब है।
ज्ञात हो कि कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा की है। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के ही चेहरे पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने इसके लिए ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा भी दिया है। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी महिलाओं के बहाने आधी आबादी साधने की कोशिश कर रही हैं।
यह भी पढ़ेंः-BJP, सपा और कांग्रेस पर हमलावर हुई मायावती, सत्ता में आने के बाद भूल जाते हैं जनता से किये वादे