दिल्ली /लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने केन्द्र सरकार को झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदल कर ‘वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन’ करने का प्रस्ताव भेजा है। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में झांसी ललितपुर के भाजपा के सदस्य अनुराग शर्मा के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झांसी स्टेशन का नाम बदला जाएगा।
सांसद ने प्रश्न किया था कि क्या वर्तमान सरकार को झांसी के रेलवे स्टेशन का नाम बदलने का कोई प्रस्ताव मिला है। इस पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लिखित उत्तर में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदल कर वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन करने का प्रस्ताव किया है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रस्ताव किया है। उन्होंने कहा कि स्थापित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित एजेंसियों से उनकी टिप्पणियां आमंत्रित की गयीं हैं जिनके प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश की सीमा पर बसा झांसी प्र्रमुख शहर है। उत्तर भारत में पुणे के पेशवाओं की एक महत्वपूर्ण रियासत और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का बड़ा गढ़ रहा है।
यहीं से आजादी की लड़ाई को बल मिला था। महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों की फौज को नाको चने चबवा दिये थे। वह अंग्रेजों की सेना से लड़ते हुए ग्वालियर में 18 जून 1858 को वीरगति को प्राप्त हुईं थीं। यह ऐतिहासिक शहर महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की कर्मस्थली रहा है। चंद्रषेखर आजाद के बहुत से आंदोलन इसी झासी से शुरू हुए थे। बुंदेलखंड का यह शहर एक बड़ी सैन्य छावनी है और रेलवे का बहुत महत्वपूर्ण केन्द्र है।
यह भी पढ़ेंः-चुनाव से पूर्व अब इस शहर के नाम को बदलने पर CM Yogi ने किया विचार, रखा गया प्रस्ताव