लखनऊ। लखनऊ के घनी आबादी वाले इलाके पहाड़पुर और कल्याणपुर में शनिवार को तेंदुआ घुसने से दहशत फैल गयी। तेंदुए की सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के एक सदस्य समेत तीन लोगों को तेंदुआ ने घायल कर दिया है। करीब 24 घंटे बाद भी तेंदुआ के पकड़ में नहीं आ सका है जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र की घनी आबादी पहाड़पुर और कल्याणपुर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को देखा गया। वह कभी गलियों में तो कभी किसी के घर के छत पर बैठा दिखा। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना वनविभाग को दी।
सूचना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद लोगों से घरों में रहने की अपील की और फिर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश में जुट गई। दिनभर डेरा डालने के बाद वन विभाग को जानकारी मिली की तेंदुआ मोहल्ले के खाली प्लाट में मौजूद है। तेंदुआ की लोकेशन मिलने के बाद वन विभाग ने आसपास के घरों को खाली कराया। शाम को जाल लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला। पुलिस और वन विभाग की टीम इलाके में गश्त कर रही है।
पुलिसकर्मी समेत तीन घायल
तेंदुआ ने सबसे पहले विनीता रावत नाम की महिला पर हमला कर दिया। जब महिला के बेटे ने ईंट से हमला किया तो तेंदुए ने उसे भी घायल कर दिया। इस बीच पुलिस कर्मी ज्ञानेंद्र महिला और युवक को बचाने पहुंचा तो तेंदुए ने पुलिस कर्मी पर भी हमला कर घायल कर दिया। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ेंः-नितिन गडकरी ने किया बड़ा ऐलान, दिल्ली से लखनऊ को जोड़ेगा नया एक्सप्रेस वे