अमेठी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव रणभेरी कभी भी बज सकती है। अब चुनाव आयोग की तैयारियां आखिरी दौर में है। विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार अभियान में जुटी हैं। इस बीच अमेठी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो चुनाव को मनोरंजक बना दिया है। मामला कुछ यूं है कि प्रचार गाड़ी से लेकर बैनर सब समाजवादी पार्टी का है, मगर वोट भाजपा के लिए मांगे जा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ के नाम से प्रचार किया जा रहा है। अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के भौसिंहपुर गांव का यह मामला है। समाजवादी पार्टी के नेता के प्रचार वाहन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गाना बज रहा है। सपा के प्रचार वाहन में सीएम योगी और भाजपा के पक्ष में गाना बजने का वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो गया है। मामले की आंच पुलिस तक पहुंच गई और अब इसकी जांच भी हो रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि यह प्रचार गाड़ी सपा नेता अशोक कुमार सिंह की है। प्रचार वाहन के बैनर पर उनके साथ सपा मुखिया अखिलेश यादव की तस्वीर भी लगी है। प्रचार गाड़ी पर चारों तरफ समाजवादी पार्टी के झंडे हैं और लाउडस्पीकर से गाना बज रहा है जो भाजपा के लिए वोट मांगा जा रहा है। सपा की प्रचार गाड़ी में जो गाना बज रहा है वह भाजपा का चुनावी कैसेट है, जिसको बोल हैं- ‘चाहे जितना जोर लगा लो, चाहे शोर मचा लो, जीतेगी बीजेपी ही, आएंगे फिर योगी ही, आएंगे फिर योगी ही।
वीडियो वायरल होने पर सपा नेता अशोक सिंह ने सख्ती दिखाया है। सपा नेता अशोक सिंह ने दंबगों पर जबरन गाना बजवाने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। पुलिस इस पूर मामले की जांच में जुट गई है। ज्ञात हो कि रैली, जनसभा के जरिये यूपी में चुनाव प्रचार जोरों पर है और किसी भी दिन चुनाव आयोग तारीखों का ऐलान कर सकता है।
यह भी पढ़ेंः-विधानसभा चुनाव से पहले योगी ने किसानों को दिया तोहफा, 50 फीसदी कम होगा बिजली बिल