लखनऊ /अलीगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने सपनों में भगवान श्रीकृष्ण के आने की बात कहते हैं, आज भगवान श्रीकृष्ण भी उन्हें कोस रहे होंगे। अलीगढ़ में 7000 करोड़ रुपये की लागत से 660 मेगावाट हरदुआगंज ताप विद्युत संयंत्र सहित दो बिजली योजनाओं के लोकार्पण एवं एक बिजली योजन का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने सपा पर करारा निशाना साधा। उन्होंने सपा के शासनकाल को दंगों का उत्पादन काल बताया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वो (अखिलेश) भगवान कृष्ण का नाम लेते हैं और कहते हैं कि भगवान कृष्ण मेरे सपने में आते हैं, लेकिन वो भूल जाते हैं कि कृष्ण की नगरी में ही पिछली सरकार (सपा सरकार) का सबसे पहला दंगा कोसी (मथुरा) में हुआ था और वहीं पर जवाहर बाग कांड हुआ था। सीएम योगी ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तो भगवान भी उन्हें कोस रहे होंगे कि जब सत्ता मिली तो उन्होंने कंस का उपासक बनकर जवाहर बाग की घटना करा दी।
आज किसी को 'राम मंदिर' की याद आ रही है तो किसी को 'भगवान श्रीकृष्ण' की… pic.twitter.com/j5ZSkGaTdP
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 4, 2022
ज्ञात हो कि अखिलेश यादव ने सपने में भगवान श्री कृष्ण के आने का दावा किया था। सपा अध्यक्ष ने कहा था कि भगवान श्रीकृष्ण मेरे भी सपने में आते हैं और कल भी आए थे, रोज आते हैं और कहते हैं कि समाजवादी पार्टी सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा था कि भाजपा अक्सर रामराज्य की बात करती है लेकिन असल में समाजवाद का रास्ता ही रामराज्य का रास्ता है।
जीत की गूंज है ये जनसैलाब…
आभार देवबंद!
जय श्री राम! pic.twitter.com/fND9FDEGF7
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 4, 2022
जवाहर बाग हत्याकांड का दिलाया याद
ज्ञात हो कि सपा के कार्यकाल में मथुरा में जून 2016 में जवाहर बाग पार्क में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुई हिंसा हुई थी। इस हिंसा में पुलिस अधीक्षक (नगर) मुकुल द्विवेदी और एक दारोगा समेत 29 लोग मारे गये थे। रामवृक्ष यादव के नेतृत्व में एक संगठन के सदस्यों ने 270 एकड़ के जवाहर बाग पर कब्जा कर लिया था जो कि सरकारी जमीन थी। इस हिंसा में रामवृक्ष यादव भी मारा गया था।
बिजली पर सपा को घेरा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारें महंगे दामों पर बिजली खरीदती थी और उसका बोझ जनता पर डाल देती थीं। पहले की सरकारों में बिना बिजली के स्मार्ट फोन और लैपटॉप चार्ज नहीं हो पाते थे। बीजेपी सरकार निर्बाध रूप से बिजली दे रही है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर पलटवार करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्वीट किया कि नाम बदलने वाले उप्र के जो माननीय अलीगढ़ में विद्युत परियोजना का सही नाम तक नहीं ले पाये, वो भारी बिजली बिलों से जनता को केवल करंट ही दे सकते हैं, राहत भरी बिजली नहीं। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि सपा के फ्री 300 यूनिट घरेलू बिजली और सिंचाई बिजली मुफ्त की घोषणा के बाद भाजपा का बल्ब फ्यूज हो गया है।
नाम बदलनेवाले उप्र के जो माननीय अलीगढ़ में विद्युत परियोजना का सही नाम तक नहीं ले पाए, वो भारी बिजली बिलों से जनता को केवल करंट ही दे सकते हैं, राहत भरी बिजली नहीं।
सपा के ‘300 यूनिट घरेलू बिजली फ़्री और सिंचाई बिजली मुफ़्त’ की घोषणा के बाद
भाजपा का बल्ब फ़्यूज हो गया है। pic.twitter.com/geldkM55wb— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 4, 2022
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर भी निशाना साधा। योगी ने कहा कि 22 महीने पहले इटली वाले भाई बहन (राहुल गांधी-प्रियंका गांधी वाड्रा) सैफई वाले बबुआ (अखिलेश यादव) और बहन जी (मायावती) कोई दिखाई नहीं दिया था।
माफिया पर कार्यवाई पर सैफई में परेशानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि आज जब लूट करने वालों पर बुलडोजर चलता है तो सबसे ज्यादा परेशानी सैफई में बैठे लोगों को होती है। इटली वाले भाई-बहन को होती है। अब तो बहन जी भी बोलती हैं कि माफिया पर बुलडोजर क्यों चल रहा है। सहारनपुर के देवबंद में एटीएस कमांडो सेंटर का शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा में योगी ने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग रामभक्तों पर गोली चलवाते थे उनसे क्या यह उम्मीद की जा सकती है। बेटियों से जब छेड़छाड़ होती थी तो वे कहते थे गलती हो जाती है लेकिन अब फर्क आया है, ऐसे मामलों में अब कार्रवाई होती है।
यह भी पढ़ेंः-24 घंटे में कोरोना के 992 मामलों ने बढ़ाई दहशत, योगी सरकार बड़ा निर्णय की तैयारी में