नोएडा /लखनऊ। आयकर विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बिल्डर अजय चौधरी के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है। इनकम टैक्स अधिकारी सुबह से ही एसीई ग्रुप के नोयडा, दिल्ली और आगरा में स्थित दफ्तरों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी कर रहे हैं। अजय चौधरी को नोएडा के बड़े बिल्डरों में माना जाता है। अजय चैधरी समाजवादी पार्टी के करीबी भी बताए जाते हैं। बताया जा रहा है कि इस ग्रुप के चीफ अजय चौधरी बहुत दिनों से इनकम टैक्स के राडार पर थे। कुछ दिनों पहले कानपुर और कन्नौज में इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण इनपुट्स मिले थे। पुष्पराज जैन के तथ्यों के आधार पर ये छापेमारी चल रही है।
पीयूष और पुष्पराज जैन पर आयकर छापेमारी पर सियासी चर्चा
ज्ञात हो कि इससे पहले आयकर विभाग के कन्नौज के इत्र कारोबारी पीयूष जैन और फिर पुष्पराज जैन उर्फ पंपी जैन के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। पुष्पराज जैन जहां समाजवादी पार्टी के एमएलसी है। समाजवादी इत्र पुष्पराज जैन ने लाॅन्च किया था। पीयूष जैन का भी नाम बीजेपी द्वारा सपा से जोड़ा गया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ किया पीयूष जैन का उनकी पार्टी से कोई संबंध नहीं है।
ज्ञात हो कि बीते 6 दिनों से जारी रेड में पीयूष जैन के घर से करीब 197 करोड़ रुपये कैश बरामद हुए हैं और 23 किलोग्राम सोना मिला है। पीयूष जैन पर कर चोरी का आरोप है और अब उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कन्नौज में आयकर विभाग की टीम को पुष्पराज जैन पर करीब 150 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का शक है। 31 दिसंबर 2021 को आयकर विभाग के अधिकारियों ने मुंबई, गुजरात, कानपुर, लखनऊ और कन्नौज समेत देश के दूसरे ठिकानों पर छापा मारा था। पुष्पराज जैन के यहां बरामदगी को लेकर कोई सूचना सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ेंः-27 अधिकारी, 36 घंटे की छापेमारी, 19 मशीनों से नोटों की गिनती, ऐसी है धनकुबेर पीयूष जैन की दुनिया