आगरा। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में आयकर विभाग की छापेमारी लगातार जारी है। कानपुर, कन्नौज के बाद अब आगरा में आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की है। पीयूष जैन और पुष्पराज जैन पर एक्शन के बाद आगरा के दो कारोबारियों पर इनकम टैक्स की कार्रवाई की है। आगरा के भरतपुर हाउस कॉलोनी में शू एक्सपोर्टर्स विजय आहूजा के घर और मानसी चंद्रा की जूता फैक्ट्री पर इनकम टैक्स का छापा पड़ा है। आगरा के भरतपुर हाउस कॉलोनी में शू एक्सपोर्टर्स विजय आहूजा के घर में इनकम टैक्स टीम के करीब 8 से 10 अधिकारी मौजूद हैं। मानसी चंद्रा के जूता फैक्ट्री पर भी आयकर विभाग की टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी भी मौजूद हैं। दोनों जगहों पर तहकीकात जारी है। जैसे ही इन दोनों काराबोरियों के यहां आयकर विभाग की टीमें पहुंचीं, इलाके में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई लंबी चल सकती है।
आयकर विभाग की टीम की ओर से यह जानकारी सामने नहीं आई है कि क्या इन छापों का पीयूष जैन या पुष्पराज जैन से कोई कनेक्शन है या नहीं। अभी सपा नेता और इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन के घर पर बीते पांच दिनों से छापेमारी जारी है। पुष्पराज के घर से आयकर विभाग की टीम ने बरामदगी का खुलासा नहीं किया है। पीयूष जैन कर चोरी के आरोप में जेल में हैं। आयकर विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बड़े बिल्डरों में शुमार और अखिलेश के करीबी बताए जाने वाले अजय चैधरी के ठिकानों पर कार्रवाई की है। इनकम टैक्स अधिकारी सुबह से ही एसीई ग्रुप के नोयडा, दिल्ली और आगरा में स्थित दफ्तरों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी कर रहे हैं।
बताया जा रहा है ग्रुप के चीफ अजय चौधरी बहुत दिनों से इनकम टैक्स के राडार पर थे। कुछ दिनों पहले इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण इनपुट्स मिले थे। इससे पहले आयकर विभाग ने कन्नौज के इत्र कारोबारी पीयूष जैन और फिर पुष्पराज जैन उर्फ पंपी जैन के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। पुष्पराज जैन समाजवादी पार्टी के एमएलसी हैं। पीयूष जैन के घर से करीब 197 करोड़ रुपये कैश बरामद हुए हैं। 23 किलोग्राम सोना मिला है जिसके बारे में जांच की जा रही है। पीयूष जैन पर कर चोरी का आरोप है और अब उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ेंः-अखिलेश के करीबी बिल्डर अजय चौधरी पर आयकर विभाग की कार्रवाई, नोयडा, दिल्ली और आगरा में रेड