कानपुर। अघोषित सम्पति और कालाधन की दुनिया निराली है। कानपुर में इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी में मिले खजाने की चर्चा जोरों पर है। इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर से आयकर विभाग और डीजीजीआई की रेड में इतने पैसे मिले हैं कि नोट गिनते-गिनते अफसर तो क्या, मशीनें भी थक गयीं। धनकुबेर पीयूष जैन के घर लगतार 36 घंटे तक चली छापेमारी के दौरान नोट गिनते-गिनते अधिकारियों के पसीने छूट गये। अब तक की छापेमारी में पीयूष जैन के घर से करीब 180 करोड़ रुपए की बरामदगी हुई है। 36 घंटे तक जारी छापेमारी को करीब 27 अधिकारियों ने अंजाम दिया। साथ ही इन पैसों के गिनने के लिए 19 मशीनों का सहारा लिया गया। पीयूष जैन के घर से मिले 180 करोड़ रुपए को 80 बक्से में भरा गया। कर्मचारियों की मदद से बैंक तक पहुंचाए गये। छापेमारी के दौरान घर के अंदर और बाहर दोनों जगह पुलिस बलों की तैनाती थी। माना जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम अब भी पीयूष जैन के घर नोटों की गिनती कर रही है।
बताया जा रहा है कि छापेमारी करने आई टीम ने दो चरणों में इन पैसों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य ब्रांच में भिजवाया गया। इस दौरान पुलिस और पीएसी की टीमें भी मौजूद रहीं। इत्र व्यापारी के पीयूष जैन घर में गुप्त अलमारी में नोटों के बंडल भरे थे। एक खुफिया दरवाजे के पीछे यह खजाना मिला था। नोटों के इतने सारे बंडल देख कुछ समय तक तो अधिकारियों को विश्वास ही नहीं हुआ।
इधर, इत्र कारोबारी पीयूष जैन के बेटे प्रत्यूष को डीजीजीआई- आईटी की टीम उनके कन्नौज के सील बंद मकान में लेकर पहुंची थी। टीम ने पीयूष के बेटे से पूछताछ की थी। यहां से भी कुछ पैसे बरामद हुए हैं। वहीं, शिखर पान मसाला बनाने वाली कंपनी त्रिमूर्ति फ्रेगरेंस प्राइवेट लिमिटेड के साथ डीजीजीआई अहमदाबाद की टीम ने ट्रांसपोर्टर प्रवीण कुमार के घर हुई छापेमारी में एक करोड़ 10 लाख सीज किया है।
ऐसा है आरोप
पीयूष जैन पर आरोप है कि कई फर्जी फर्मों के नाम से बिल बनाकर कंपनी ने करोड़ों रुपयों की जीएसटी चोरी की है। पीयूष के घर से 200 से अधिक फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल मिले हैं। पीयूष जैन के घर में बड़ी तादाद में बक्से मंगवाये गए हैं। छापेमारी के दौरान जीएसटी चोरी का भारी खेल सामने आया है।
कौन हैं पीयूष जैन
पीयूष जैन कनौज के बड़े व्यापारियों में शुमार हैं। वह 40 से ज्यादा कंपनियों के मालिक हैं। इनमें से दो कंपनियां मिडिल ईस्ट में हैं। कन्नौज में पीयुष की परफ्यूम फैक्ट्री, कोल्ड स्टोरेज और पेट्रोल पंप भी हैं। मुम्बई में पीयूष का मुख्य ऑफिस है। साथ ही वहां उनका एक बंगला भी है। पीयूष जैन इत्र का सारा बिजनेस मुंबई से करते हैं, यहीं से इनका इत्र विदेशों में भी भेजा जाता है।
यह भी पढ़ेंः-अखिलेश के करीबी इत्र कारोबारी के 10 ठिकानों पर छापेमारी, 150 करोड़ की अघोषित सम्पति का खुलासा