उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। कानपुर के रायपुरवा क्षेत्र से आई करीब 64 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने गुहार लगाई कि उसके जवान बेटे को कैंसर है और गरीबी के चलते वह इलाज नहीं करवा पा रही है। महिला की आंखों में आंसू थे और उसके पास आयुष्मान कार्ड भी नहीं था, जिससे वह सरकारी मदद के दायरे में नहीं आ पा रही थी।
सीएम ने लिए त्वरित एक्शन, कैंसर अस्पताल में कराया भर्ती
महिला की पीड़ा सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए और अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिया कि बेटे को तत्काल लखनऊ स्थित कल्याण सिंह कैंसर सुपर स्पेशियलिटी संस्थान में भर्ती कराया जाए। आदेश मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मरीज को जनता दर्शन स्थल से सीधे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में जांच शुरू कर दी गई और राज्य सरकार ने उपचार का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। महिला की आंखों में इस मदद के लिए आभार और राहत के आंसू थे।
“हर पीड़ित के साथ है सरकार” – सीएम योगी का भरोसा
मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्ति के साथ है। इलाज जैसी बुनियादी सुविधा से कोई वंचित न रहे, इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने बताया कि जनता दर्शन का मकसद यही है – लोगों की सीधी पहुंच सरकार तक हो और तुरंत समाधान हो। कार्यक्रम में अन्य लोगों ने भी साइबर ठगी, अवैध निर्माण, बिजली और प्रशासन से जुड़ी शिकायतें रखीं जिन पर मुख्यमंत्री ने अफसरों को त्वरित कार्यवाही के आदेश दिए।
Read more-बरेली में जुमे के बाद हिंसा की बड़ी साजिश बेनकाब, मौलाना तौकीर रजा समेत 8 गिरफ्तार
