बस्ती। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बस्ती जिले की 308-कप्तानगंज विधानसभा सीट पर सियासी सरगर्मी तेजी से बढ़ रही है। एक ओर जहां सपा के मौजूदा विधायक कवींद्र चौधरी क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं, वहीं भाजपा में संभावित उम्मीदवारों की चर्चाओं के बीच वरिष्ठ नेता रमाकांत पांडेय की सक्रियता और साफ-सुथरी छवि ने माहौल बदल दिया है।
अपनी ही धरती के लाल, बेदाग छवि सबसे बड़ी पूंजी
कप्तानगंज रमाकांत पांडेय की जन्मभूमि और कर्मभूमि दोनों हैं। वे यहीं के रहने वाले हैं और लंबे समय से क्षेत्र की मिट्टी, संस्कृति और लोगों से सीधे जुड़े हुए हैं। समर्थकों और क्षेत्रवासियों का मानना है कि उनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी बेदाग और ईमानदार छवि है। उपलब्ध जानकारियों के अनुसार उन पर कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। आज के दौर में जहां छवि को लेकर तरह-तरह की बातें होती हैं, वहीं उनकी यह निर्विवाद पहचान लोगों को तेजी से जोड़ रही है। “राजनीति केवल जनसेवा के लिए है” — इसी भाव के साथ वे लगातार गांवों में पहुंच रहे हैं, लोगों के सुख-दुख में शामिल हो रहे हैं और चौपालों के जरिए उनकी समस्याएं सुनकर हल कराने का प्रयास कर रहे हैं।
2017 और 2022 के अनुभवों से 2027 की तैयारी
कप्तानगंज की सियासत को करीब से देखने वालों का कहना है कि 2017 और 2022 के चुनावों के अनुभव इस बार अहम रहेंगे। पिछले वर्षों में क्षेत्र में काफी काम हुए, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के कवींद्र चौधरी (94,273 मत) के हाथों भाजपा के चंद्र प्रकाश शुक्ला (70,094 मत) की हार के बाद ‘बाहरी उम्मीदवार’ का मुद्दा चर्चा में रहा था। अब 2027 को लेकर जनता और समर्थकों के बीच यह भावना मजबूत हो रही है कि यदि भाजपा किसी स्थानीय, सरल और निर्विवाद चेहरे को मौका दे, तो विपक्ष के ‘बाहरी प्रत्याशी’ वाले तर्क की धार कमजोर पड़ सकती है।
जातीय समीकरण और जनता की सीधी मांग
चुनावी आंकड़ों के मुताबिक कप्तानगंज में ब्राह्मण ,ठाकुर , कुर्मी, राजभर और निषाद मतदाता अहम भूमिका निभाते हैं। जानकारों का मानना है कि ब्राह्मण समाज से आने वाले रमाकांत पांडेय की बेदाग छवि और जमीनी जुड़ाव से सवर्ण मतदाताओं के साथ-साथ गैर-कुर्मी ओबीसी और निष्पक्ष मतदाताओं का भरोसा भी जुड़ सकता है। क्षेत्र के लोगों और समर्थकों की साफ मांग है कि टिकट किसी बाहरी के बजाय स्थानीय चेहरे यानी रमाकांत पांडेय को मिले।
सपा को कड़ी टक्कर दे सकते हैं भाजपा नेता रमाकांत पांडे
भाजपा में पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ला की चर्चा के बीच रमाकांत पांडेय की जमीनी सक्रियता ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। समर्थकों और स्थानीय लोगों का मानना है कि अपने क्षेत्र के ही रहने वाले और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने वाले रमाकांत पांडेय ही 2027 में सपा को सीधी और कड़ी टक्कर दे सकते हैं। आने वाले समय में टिकट को लेकर फैसला चाहे जो हो, लेकिन रमाकांत पांडेय ने अपने व्यवहार और काम से कप्तानगंज की सियासत में मजबूत चर्चा जरूर पैदा कर दी है।

