राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को क्रोशिया का ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ किंग तोमिस्लाव विद सैश एंड ग्रैंड स्टार’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें क्रोशिया के राष्ट्रपति कोलिन्दा गरबर कितारोविच ने दिया। राष्ट्रपति कोविंद को यह सम्मान भारत और क्रोशिया के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने में अहम योगदान के लिए दिया गया। यह क्रोएशिया गणतंत्र का सर्वोच्च सम्मान है।
इस सम्मान को प्राप्त करने के बाद राष्ट्रपति कोविंद ने क्रोशिया के राष्ट्रपति कितारोविच का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए काम करते रहेंगे। बता दें कि रामनाथ कोविंद क्रोशिया जाने वाले पहले भारतीय राष्ट्रपति हैं। क्रोशिया दौरे के दौरान राष्ट्रपति कोविंद और राष्ट्रपति कोलिन्दा गरबर कितारोविच के साथ शिष्टमंडल स्तर की वार्ता में शामिल हुए। इसके बाद राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि दोनों देश सभी स्वरूपों के आतंकवाद को खत्म करने के लिए एक मजबूत वैश्विक तंत्र विकसित करने के लिए सहमत है। इसके अलावा पुलवामा आतंकी हमले जैसी बर्बर कार्रवाई के जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं।
भारत और क्रोएशिया के बीच आज चार एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये। इनमें खेल और पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग के साथ-साथ जग्रेब विश्वविद्यालय में हिन्दी और संस्कृत भाषा के अध्ययन की पीठ स्थापित करने से संबंधित समझौते शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की डेढ़ सौवीं जयंती वर्ष के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने क्रोएशिया सरकार को महात्मा गांधी की एक प्रतिमा भेंट की है। वही क्रोएशिया दौरे के बाद राष्ट्रपति कोविंद दक्षिण अमरीकी देश बोलिविया और चिली की यात्रा पर जाएंगे।