लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता एवं एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में तब हुई जब शनिवार सुबह सैर के लिए निकले डॉक्टर सुरेश यादव अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक एसटी पाटिल ने बताया कि स्थानीय आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉक्टर सुरेश यादव (62) रॉबर्ट्सगंज के छपका स्थित वन विभाग कार्यालय के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे टहलने के लिए निकले थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर फरार हो गए। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके पर ही हथियार छोड़कर भाग गए।
इस घटना में डॉक्टर सुरेश यादव की मौत हो गई। यादव के दामाद कृष्णकांत ने बताया कि उनके ससुर का किसी से कोई विवाद नहीं था। वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से भी जुड़े हुए थे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ये भी पढ़े:चुनाव हारने का दोहरा शतक बनाएगा ये शख्स, 200वीं बार भरा नामांकन!