कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के वाराणसी में चुनाव प्रचार के दौरान बुधवार को हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि रामनगर शास्त्री चौराहे पर कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान दोनों गुटों के लोगों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई और लात घूंसे चले।
बताया जा रहा है कि वाराणसी में रामनगर शास्त्री चैराहे पर जैसे ही प्रियंका गांधी पहुंची वैसे ही बीजेपी के कुछ कार्यकर्ता उसके खिलाफ नारेबाजी करते हुए मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया। बहस होते-होते विवाद मारपीट पर उतर आया। इसके बाद सुरक्षा बालों के बीच बचाव के बाद हंगामा करने आए कुछ युवक वहां से भाग निकले।
बता दे कि प्रियंका गांधी वाड्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में हैं। इस दौरान उन्होंने कई मंदिरों और घाटों का दौरा किया। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इसके अलावा प्रियंका पुलवामा हमले में शहीद हुए जवान के परिवार से भी मुलाकात करेंगी।
कांग्रेस को जिताने के लिए प्रियंका गांधी अपनी पूरी ताकत चुनाव प्रचार में झोंक रही हैं। उन्होंने सबसे पहले अपनी बोट यात्रा की शुरुआत प्रयागराज से की थी, जिसके बाद वह मिर्ज़ापुर के रास्ते होते हुए वाराणसी पहुंचीं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कई लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानीं।