लोकसभा चुनाव को देखते हुए इन दिनों सियासी बयानबाजी तेज है। सभी राजनीतिक पार्टियां सत्ता के महामुकाबले में जीत दर्ज करने की चाहत लेकर अपनी एड़ी-चोटी का जोर आजमा रही हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से कांग्रेस पार्टी और सपा-बसपा गठबंधन पर जमकर हमला किया।
स्मृति ने भदोही में आयोजित एक जनसभा में शिरकत की। जहां उन्होंने कांग्रेस, सपा-बसपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘जो कांग्रेस पार्टी अदालत में दस्तावेज़ देकर कहती थी कि राम का कोई अस्तित्व ही नहीं है, आज उसी पार्टी की नेता प्रियंका गांधी रामभक्त बन कर घूम रही हैं।’
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी वाड्रा के 27 मार्च से अमेठी और रायबरेली के अलावा अयोध्या जाने का कार्यक्रम है। इस बार के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का हिन्दू कार्ड देखने को मिला है। प्रयागराज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का पोस्टर लगाया। पोस्टर में प्रिंयका को ‘राम भक्त’ बताया गया था। इसी पोस्टरों को लेकर स्मृति ईरानी ने कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर तीखा तंज कसा।
इसके साथ ही स्मृति ईरानी सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस की और से आ रहे बयानों को लेकर तिखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक पर भारत या भारतीय सेना के बजाय पाकिस्तान के साथ खड़ी नजर आयी। कांग्रेस के इस रुख से उस समय पूरा देश स्तब्ध रह गया था।
वही स्मृति ने सपा-बसपा गठबंधन पर भी हमलावर रउख अपनाया। उन्होंने गंठबंधन पर तंज कसते हुए कहा, ‘भैया, क्या साइकिल पर कभी हाथी बैठ सकता है। जब साइकिल ही पंक्चर हो जाएगी तो उसके बारे में क्या कहा जाए।’